आस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ दूसरे अभ्यास मैच के दूसरे दिन भारत ने चार विकेट पर 386 रन बनाकर अपनी बढत 472 रन की कर ली। दूसरी पारी में पृथ्वी शॉ को छोड़कर भारत के सभी बल्लेबाजों ने रन बनाए। हनुमा विहारी 104 और ऋषभ पंत 103 रन बनाकर खेल रहे हैं। शुभमन गिल ने 65 और मयंक अग्रवाल ने 51 रन बनाए। भारत ने पहली पारी में 194 रन बनाने के बाद आस्ट्रेलिया-ए को 108 रन पर आउट कर दिया था।

दूसरी पारी में भारत के ओपनर पृथ्वी शॉ बेहतर बल्लेबाजी नहीं कर सके। वे 8 गेंद पर 3 रन बनाकर मार्क स्टेकेटी की गेंद पर मिशेल स्वीपसन को कैच थमा बैठे। इसके बाद शुभमन गिल ने मयंक अग्रवाल के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की। गिल 78 गेंद पर 65 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 83.33 का रहा। गिल को स्वीपसन ने सीन एबॉट के हाथों कैच कराया।

मयंक अग्रवाल 120 गेंद पर 61 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जैक विल्डरमूथ की गेंद पर पैट्रिक रॉ ने उनका कैच लिया। अग्रवाल ने अपनी पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए। मैच में भारत की कप्तानी कर रहे अजिंक्य रहाणे 71 गेंद पर 38 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हनुमा विहारी 194 गेंद पर 104 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने 13 चौके लगाए। दूसरे छोर पर ऋषभ पंत 73 गेंद पर 103 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने 9 चौके और 6 छक्के लगाए।

इससे पहले पहली पारी में भारत ने 10 विकेट पर 194 रन बनाए थे। जसप्रीत बुमराह ने 55, शुभमन गिल ने 43 और पृथ्वी शॉ ने 40 रन बनाए थे। पहली पारी में रहाणे 4 रन बनाकर, पंत 5 रन बनाकर और ऋद्धिमान साहा खाता खोले बगैर आउट हो गए थे। वहीं, ऑस्ट्रेलिया-ए ने जवाब में पहली पारी में 10 विकेट पर 108 रन बनाए थे। एलेक्स कैरी ने 32 रनों की पारी खेली थी। भारत के लिए नवदीप सैनी और मोहम्मद शमी ने 3-3 विकेट लिए थे। जसप्रीत बुमराह को 2 और मोहम्मद सिराज को एक सफलता मिली थी।