लॉन्ग-ऑफ… लॉन्ग ऑफ… लॉन्ग ऑफफफफ्फ! सूर्यकुमार यादव! सूर्यकुमार यादव ने पकड़ा है अपने करियर का सबसे महत्वपूर्ण कैच |टीवी प्रेजेंटर जतिन सप्रू ने यह लाइन बारबाडोस में 29 नवंबर को भारत-साउथ अफ्रीका के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल की पहली गेंद पर बोली थी। हार्दिक पंड्या की गेंद को डेविड मिलर ने हवे में खेला था। सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री पर शानदार कैच लपका था। इसके बाद भारत 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।
भारत को टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा खिताब जीते हुए रविवार (29 जून) को 1 साल हो गया। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने साउथ अफ्रीका को रोमांचक फाइनल में हराकर अपना दूसरा टी20 विश्व कप खिताब जीता। इससे पहले भारत पिछले एक दशक से आईसीसी टूर्नामेंट के नॉकआउट मैचों में लगातार दिल तोड़ने वाली हार का सामना कर रहा था।
पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा भारत
2024 टी20 विश्व कप में भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। इसमें विस्फोटक बल्लेबाजी, अनुशासित गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग का एक आदर्श मिश्रण देखने को मिला। ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के खिलाफ अहम जीत ने अभियान की दिशा तय की। सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
फाइनल में साउथ अफ्रीका के जबड़े से छीनी जीत
साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में गजब ड्रामा देखने को मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 7 विकेट पर 176 का स्कोर बनाया। यह टी20 विश्व कप फाइनल में पहली पारी का सबसे बड़ा स्कोर था। दूसरे ही ओवर में रोहित शर्मा और ऋषभ पंत के आउट होने के बाद भारत का स्कोर 2 विकेट पर 23 रन हो गया।
विराट कोहली और अक्षर पटेल की बेहतरीन साझेदारी
सूर्यकुमार यादव भी 5वें वें ओवर में आउट हो गए। भारत का स्कोर तब 3 विकेट पर 34 रन था। इसके बाद विराट कोहली और अक्षर पटेल के बीच 72 रन की साझेदारी हुई। अक्षर ने 31 गेंद पर 47 रन बनाए। विराट कोहली ने 59 गेंद पर 76 रन बनाए। शिवम दुबे ने 16 गेंद पर 27 रन की पारी खेली।
बुमराह-अर्शदीप ने शुरुआत में झटके विकेट
साउथ अफ्रीका को पहला झटका जसप्रीत बुमराह ने दूसरे ओवर में दिया। रिजा हेंड्रिक्स 4 रन बनाकर आउट हुए। अगले ओवर एडेन मार्कराम अर्शदीप सिंह ने पवेलियन भेजा। इसके बाद क्विंटन डिकॉक और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच 58 रन की साझेदारी हुई। स्टब्स को अक्षर पटेल ने आउट किया। फिर क्रीज पर आए हेनरिक क्लासेन। पहले उन्होंने डिकॉक के साथ 36 रन की साझेदारी की।
अक्षर पटेल की कुटाई
डिकॉक को अर्शदीप ने 13वें ओवर में पवेलियन भेजा। उन्होंने 39 रन बनाए। इसके बाद 15वें ओवर में अक्षर पटेल को क्लासेन ने 24 रन ठोक दिए। साउथ अफ्रीका का स्कोर 4 विकेट पर 147 रन हो गया। ऐसा लगा एक बार फिर भारत को फाइनल में दिल तोड़ देने वाली हार का सामना करना पड़ेगा। क्लासेन 22 गेंद पर 49 और डेविड मिलर 7 गेंद पर 14 रन बनाकर क्रीज पर थे। साउथ अफ्रीका को 30 गेंद पर 30 रन चाहिए थे।
हार्दिक ने किया क्लासेन को चलता
अगला ओवर करने जसप्रीत बुमराह आए। इस ओवर में 4 रन बने। साउथ अफ्रीका का स्कोर 16 ओवर में 4 विकेट पर 151 रन था। 24 गेंद 26 रन चाहिए थे। हार्दिक पंड्या ने पहली ही गेंद पर क्लासेन को पवेलियन भेजा। उन्होंने 27 गेंद पर 52 रन बनाए। इस ओवर में उन्होंने सिर्फ 4 रन दिए। डेविड मिलर 17 और मार्को यानसेन 2 रन बनाकर क्रीज पर थे।
बुमराह-अर्शदीप की जबरदस्त गेंदबाजी
साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 3 ओवर में 22 रन चाहिए थे। बुमराह ने जबरदस्त गेंदबाजी की। उन्होंने मार्को यानसेन आउट किया और सिर्फ 2 रन दिए। साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 2 ओवर में 20 रन चाहिए थे। केशव महाराज 1 और डेविड मिलर 18 रन बनाकर क्रीज पर थे। अर्शदीप सिंह ने ओवर में सिर्फ 4 रन दिए।
आखिरी ओवर में 16 रन चाहिए थे
साउथ अफ्रीका को आखिरी ओवर में 16 रन चाहिए थे। डेविड मिलर 21 और केशव महाराज 2 रन बनाकर क्रीज पर थे। गेंद हार्दिक पंड्या के हाथों में थी। मिलर ने वाइड फुलटॉस को लॉन्ग ऑफ की ओर खेला। सूर्यकुमार यादव ने कैच लपका। इसके बाद 5वीं गेंद पर कगिसो रबाडा कैच आउट हुए। भारत 7 रन जीता और चैंपियन बना।
दिग्गजों की शानदार विदाई
इस जीत के साथ ही भारतीय क्रिकेट के एक युग का अंत भी हो गया। रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। राहुल द्रविड़ का भी बतौर भारतीय टीम के कोच आखिरी दिन था।