वर्ल्ड कप 2023 फाइनल के बाद ट्रैविस हेड का इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) के ऑक्शन में अनसोल्ड रहना हैरानी भरा लगता। इससे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह लगती है कि आईपीएल में सिर्फ 10 मैच खेले हैं। उन्होंने आईपीएल में आखिरी मैच छह साल पहले खेला था। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2023 (WTC Final 2023) और वर्ल्ड कप फाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद आईपीएल 2024 से पहले मिनी ऑक्शन में फ्रेंचाइजी हेड के पीछे पड़ेंगी।

2022 में हेड का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। इसके अलावा उन्होंने बेस प्राइस 2 करोड़ रखा था। कुल मिलाकर 2023 में वनडे में ऑस्ट्रेलिया के लिए शीर्ष 10 रन बनाने वालों में उनका औसत सबसे अच्छा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस साल अब तक केवल तीन टी20 मैच खेले हैं और हेड ने तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 48 गेंदों में 91 रन (आठ चौके और छह छक्के) के साथ सर्वाधिक रन बनाए। टेस्ट में वह 47.11 की औसत से 848 रन के साथ देश के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इंडियन प्रीमियर लीग 2024

(IPL 2024) से पहले 19 दिसंबर को ऑक्शन होना। गुजरात टाइटंस (GT),दिल्ली कैपिटल्स (DC)और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) हेड को अपने साथ जोड़ने के लिए खजाना खोल सकती हैं। आइए जानते हैं ये तीन टीमें ट्रैविस हेड के पीछे पड़ सकती हैं :

गुजरात टाइटंस

हार्दिक पंड्या की अगुआई में गुजरात टाइटंस ने 2022 में खिताब अपने नाम किया था। 2023 में टीम उपविजेता रही। आईपीएल 2023 में टीम के टॉप ऑर्डर में भारतीय खिलाड़ी ही दिखे थे। टाइटंस को इस बार शुभमन गिल के नए जोड़ीदार की जरूरत पड़ सकती है। ऋद्धिमान साहा 39 साल के हो गए हैं। उन्होंने दोनों साल अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन वह लगातार क्रिकेट नहीं खेलते, ऐसे में उनपर भरोसा जताना जोखिम भरा हो सकता है। गिल के साथ हेड ओपनिंग करते हैं तो टीम की बैटिंग ऑर्डर काफी मजबूत हो जाएगी। दाएं-बाएं हाथ का संयोजन होगा। हेड के होने से पावरप्ले में टीम को खूब फायदा मिलेगा। शुभमन पर दबाव भी नहीं पड़ेगा।

दिल्ली कैपिटल्स

आईपीएल 2024 में ऋषभ पंत की वापसी होनी है। दिल्ली कैपिटल्स के डायरेक्टर सौरव गांगुली इसकी जानकारी दे चुके हैं। पंत की वापसी टीम के लिए अच्छी बात है। ऐसी खबरें आई थीं कि पृथ्वी शॉ को रिलीज करने का प्लान है। ऐसा हो या न हो दिल्ली के लिए आईपीएल 2023 में ओपनर्स का प्रदर्शन चिंता का कारण रहा है। डेविड वॉर्नर ने तो अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन शॉ के खराब प्रदर्शन के कारण कई खिलाड़ियों को आजमाया गया। पिछले सीजन में टीम का पावरप्ले में 24.71 का औसत था। 2024 में वॉर्नर अपने कंगारू जोड़ीदार के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं। वर्ल्ड कप में जिस तरह से दिल्ली की पिच खेली उसके हिसाब दोनों खिलाड़ी काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं। बिग बैश में हेड का रिकॉर्ड शानदार है। वह लेग स्पिन भी कर सकते हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स

कोलकाता नाइट राइडर्स की परेशानी दिल्ली कैपिटल्स जैसी ही है। आईपीएल 2023 में टीम ओपनर्स को आजमाती रही। पावरप्ले में उसका 24.13 का औसत दिल्ली कैपिटल्स से भी खराब था। लंबे समय तक वह अपनी ओपनिंग जोड़ी को लेकर दुविधा में थे। ट्रैविस हेड फ्रेंचाइजी की परेशानी को दूर कर सकते हैं। गौतम गंभीर के जाने के बाद से टीम को अच्छे ओपनर की तलाश है। ट्रैविस हेड इस तलाश को खत्म कर सकते हैं।