टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर्स में से एक रविंद्र जडेजा सोशल पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह अपने लुक को लेकर भी काफी चर्चा में रहते हैं। ताजा मामला अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) की ब्लाकबस्टर मूवी पुष्पा: द राइज (Pushpa: The Rise) से जुड़ा है।
रविंद्र जडेजा ने 12 जनवरी 2022 को इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें वह साउथ सुपर स्टार अल्लू अर्जुन की तरह खतरनाक लुक में दिखाई दे रहे हैं। यह लुक उन्होंने हाल ही में रिलीज हुई ‘पुष्पाः दा राइज’ से लिया है। उन्होंने अपनी फोटो के साथ अल्लू अर्जुन की भी तस्वीर शेयर की है।
रविंद्र जडेजा का यह लुक सोशल मीडिया पर वायरल है। पांच घंटे के भीतर ही इस पर 12 लाख से ज्यादा लाइक्स और 20 हजार से ज्यादा कमेंट्स आ चुके थे। तस्वीर में रविंद्र जडेजा अल्लू अर्जुन की तरह बीड़ी पीते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में फिल्म ‘पुष्पाः दा राइज’ का एक डॉयलाॉग भी लिखा है।
जडेजा ने साथ में चेतावनी भी लिखी है। जडेजा ने लिखा, ‘यह केवल चित्रमय प्रतिनिधित्व के लिए है। सिगरेट, बीड़ी और तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। यह कैंसर का कारण बनता है। इसका सेवन नहीं करें।’ हालांकि, रविंद्र जडेजा का यह लुक फैंस को काफी पंसद आया है। लोग धड़ाधड़ कमेंट कर उनकी तारीफ कर रहे हैं। उनकी पोस्ट पर अल्लू अर्जुन ने भी कमेंट किया है। अल्लू अर्जुन ने पहले कई सारी फायर वाली इमोजी पोस्ट कीं। इसके बाद लिखा, Thaggede Le.
जडेजा की इस पोस्ट पर बांए हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव ने उनकी टांग खिंचाई की है। कुलदीप ने जडेजा की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘अगली फिल्म का इंतज़ार…।’ भारतीय ऑलराउंडर ने भी कुलदीप के कमेंट का जवाब देते हुए लिखा, ‘हां, एनसीए में शूटिंग होगी।’
रविंद्र जडेजा को पुष्पाः द राइज मूवी बहुत अच्छी लगी है। उन्होंने कुछ दिन इस फिल्म के डायलॉग बोलते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया था। रविंद्र जडेजा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई की फ्रैंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा हैं। फ्रैंचाइजी ने उन्हें इस बार महेंद्र सिंह धोनी से भी ज्यादा कीमत पर रिटेन किया है।