भारतीय क्रिकेट में इस वक्त चर्चा का विषय है हार्दिक पंड्या का गुजरात टाइटंस (GT) से मुंबई इंडियंस (MI) में जाना। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)रिटेंशन का रविवार, 26 नवंबर 2023 आखिरी दिन है। ऐसे में आज साफ हो जाएगा कि मुंबई ने पंड्या को गुजरात से ट्रेड किया है या नहीं। हार्दिक पंड्या ने मुंबई इंडियंस में स्टारडम हासिल किया।

आईपीएल 2022 में हार्दिक पंड्या नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस से जुड़े। उनकी कप्तानी में टीम दोनों सीजन में फाइनल खेली। उन्होंने पहले ही सीजन में गुजरात टाइटंस को आईपीएल खिताब भी दिलाया। टीम इंडिया के दिग्गज ऑफ स्पिनर ने हार्दिक पंड्या के ट्रेड पर कमेंट किया है।

अश्विन के वीडियो पर वॉन का कमेंट

आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (RR) के हिस्सा अश्विन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में कहा कि अगर यह सच है तो मुंबई इंडियंस ने सोना हासिल कर लिया है। अश्विन के वीडियो पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कमेंट किया। उन्होंने अश्विन को क्लब प्रेयरी फायर पॉडकास्ट पर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट के साथ क्रिकेट पर चर्चा के लिए बुलाया।

अश्विन ने क्या कहा?

अश्विन ने कहा, ” अगर यह सच है तो मुंबई इंडियंस ने सोना हासिल कर लिया है। अगर यह सच है, तो मैंने जितान पढ़ा है उसके अनुसार यह पूरी तरह से कैश डील है। ऐसा कोई खिलाड़ी नहीं है जो मुंबई दे रही हो। मुंबई इंडियंस ने कभी भी ट्रेड पर खिलाड़ी नहीं दिए हैं। मुझे नहीं लगता कि ऐसा कभी हुआ है,लेकिन अगर हार्दिक वापसी के बाद उस टीम की प्लेइंग 11 कैसी दिखती है।”

ट्रांसफर फी में से 50 % पंड्या को मिलेगा

ईएसपीएन क्रिकइन्फो के अनुसार पंड्या को गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस 15 करोड़ रुपये में ट्रेड करेगी। यह ऑल-कैश डील होगी। इसमें ऑलराउंडर की सैलरी और ट्रांसफर फी शामिल है, जिसमें से 50% पंड्या को मिल सकता है। ट्रांसफर फी कितनी होगी इसकी जानकारी नहीं है।