भारत के ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का रणजी ट्रॉफी में भी जलवा कायम है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले तैयारियों के लिए बाएं हाथ के ओपनर बल्लेबाज ने मुंबई के लिए रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड में खेलने का फैसला किया था। राजस्थान के खिलाफ मुंबई पर पारी से हार का खतरा मंडरा रहा है। इस बीच जायसवाल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शतक ठोककर मुंबई के लिए उम्मीद जगाई है। पहली पारी में उन्होंने अर्धशतक ठोका था।

जायसवाल ने जयपुर में राजस्थान के खिलाफ 120 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया। यह जायसवाल का 47वें प्रथम श्रेणी मैच में 17वां शतक है। जायसवाल का मई में मुंबई की टीम में वापसी के बाद पहला मैच है। उन्होंने इस घरेलू सत्र की शुरुआत में गोवा के लिए खेलने के लिए एनओसी मांगी थी। फिर बाद में मुंबई के साथ बने रहने का फैसला किया। मुशीर (63) और रहाणे (18) दोनों के आउट होने के बाद मुंबई अभी भी मुश्किलों में है। जायसवाल पर बड़ा स्कोर बनाकर मेजबान राजस्थान को पारी की जीत से रोकने की जिम्मेदारी है।

राजस्थान अभी भी 170 रन से आगे

मुंबई ने चौथे दिन लंच ब्रेक तक 2 विकेट पर 193 रन बना लिए हैं। राजस्थान अभी भी 170 रन से आगे है। जायसवाल 127 गेंद 105 और सिद्धेश लाड बगैर खाता खोले क्रीज पर जमे हुए हैं। राजस्थान ने पहली पारी में 6 विकेट पर 617 रन बनाकर पारी घोषित की। दीपक हुड्डा ने बेहतरीन दोहरा शतक ठोका। इसके जवाब में मुंबई की टीम पहली पारी में 254 पर आउट हो गई। राजस्थान ने उसे फॉलोऑन दिया।

मुंबई की पहली पारी

मुंबई के लिए पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने 67 और मुशीर खान ने 49 रन बनाए। इसके अलावा शम्स मुलानी ने 32, तुषार देशपांडे ने नाबाद 25, हिमांशु सिंह ने 25 और कप्तान शार्दुल ठाकुर ने 18 रन बनाए। सरफराज खान 15 रन बनाकर आउट हुए। सिद्धेष लाड 8, आकाश आनंद 5 औक अजिंक्य रहाणे 3 रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान के लिए अजय कूकना ने 4 और अशोक शर्मा ने 3 विकेट लिए।