रणजी ट्रॉफी 2022 (Ranji Trophy 2022) के प्री- क्वार्टर फाइनल में झारखंड को पहले दिन नगालैंड के खिलाफ शानदार शुरुआत मिली है। पहले दिन झारखंड ने 87 ओवर खेले और 5 विकेट गंवाकर 402 रन बना लिए। इस पारी में विराट सिंह और कुमार कुशाग्र के शानदार शतक भी शामिल हैं। कुशाग्र अनुकुल रॉय (21) के साथ अभी 112 रन बनाकर नाबाद हैं।

कुशाग्र के अलावा विराट ने भी 107 रनों की शानदार पारी खेली और इस सीजन में अपना दूसरा शतक जड़ा। इस मुकाबले में नगालैंड के कप्तान रोंगसेन जोनाथन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। झारखंड ने उत्कर्ष सिंह (36) और मोहम्मद नाजिम (28) के विकेट गंवा दिए लेकिन तीसरे नंबर पर उतरे कुमार सूरज और कप्तान सौरभ तिवारी ने 62 रन की साझेदारी की।

सूरज ने 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 66 रन बनाये जबकि तिवारी ने 29 रन जोड़े। तिवारी के आउट होने के बाद विराट सिंह आए जिन्होंने पहले सूरज के साथ 60 रन जोड़े और बाद में कुशाग्र के रूप में उन्हें बेहतरीन साझेदार मिली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 213 गेंद में 175 रन बनाए। कुशाग्र के साथ अनुकूल रॉय 21 रन बनाकर दिन के अंत तक खेल रहे थे।

विराट ने बनाए 278 रन

विराट सिंह ने नगालैंड के खिलाफ जारी नॉकआउट मुकाबले में 153 गेंदों पर 107 रनों की शानदार पारी खेली और कुशाग्र के साथ टीम को संभाला। रणजी के इस सीजन में यह उनका दूसरा शतक है। वह अभी तक कुल 4 मैचों की 7 पारियों में 278 रन बना चुके हैं। वह इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में 39वें नंबर पर हैं। यानी सीजन में कुल रनों के मामले में उन्होंने दोहरा शतक पूरा कर लिया है।

गौरतलब है कि इससे पहले रणजी ट्रॉफी 2022 के पहले चरण में तीन राउंड खेले गए थे। इन सभी राउंड के बाद ग्रुप एच और प्लेट ग्रुप को छोड़कर सभी 7 एलीट ग्रुप की टॉप टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई थीं। अब इस मैच की विजेता टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली 8वीं टीम बन जाएगी। नगालैंड प्लेट ग्रुप में सभी तीनों मैच जीतकर टॉप पर थी।

वहीं झारखंड ग्रुप एच में 3 में से 2 मैच जीत पहले स्थान पर थी। अब इस मैच के बाद सभी अंतिम-8 की टीमें फाइनल हो जाएंगी। आईपीएल 2022 के बाद रणजी ट्रॉफी 2022 का दूसरा चरण खेला जाएगा जिसमें क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल के अलावा फाइनल मैच होगा। जिसकी शुरुआत संभवत: 30 मई के बाद होगी।