सर्विसेज क्रिकेट टीम ने रविवार (2 फरवरी) को कटक में DRIEMS क्रिकेट एकेडमी में ओडिशा के खिलाफ अपने अंतिम लीग मैच में 2024-25 सीजन के दौरान रणजी ट्रॉफी के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा सफल लक्ष्य हासिल किया। इस मामले में उसने उत्तर प्रदेश को पीछे छोड़ दिया। ओडिशा ने पहली पारी में 180 रन बनाए थे।

इसके बाद सर्विसेज ने पहली पारी में 199 रन बनाए और 19 रन की बढ़त हासिल की थी। इसके बाद ओडिशा ने दूसरी पारी में 394 रन बनाकर सर्विसेज के सामने 376 रन का लक्ष्य दिया। सर्विसेज की टीम ने तीसरे दिन लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया। ओपनर बल्लेबाज शुभम रोहिल्ला और सूरज वशिष्ठ ने रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग साझेदारी की।

शुभम रोहिल्ला और सूरज वशिष्ठ की जोड़ी का कमाल

शुभम रोहिल्ला और सूरज वशिष्ठ की जोड़ी ने 85.4 ओवर तक बल्लेबाजी की और आउट नहीं हुए। रोहिल्ला ने प्रथम श्रेणी में पहला दोहरा शतक लगाया और 209 रन बनाकर नाबाद रहे। वशिष्ठ ने भी 246 गेंदों में नाबाद 154 रन बनाकर लाल गेंद के क्रिकेट में अपना पहला शतक जड़ा। दोनों की शानदार पारी के बदौलत प्रथम श्रेणी की चौथी पारी में बगैर विकेट खोए किसी टीम ने सर्वोच्च स्कोर (376/0) भी बनाया।

रेलवे के नाम सबसे सफल रन चेज

संयोगवश पिछले सीजन के आखिरी लीग मैच में रेलवे क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी में सबसे सफल लक्ष्य का पीछा करने का रिकार्ड बनाया था। उसने अगरतला के एमबीबी स्टेडियम में त्रिपुरा के खिलाफ 378 रन का टारगेट हासिल किया था। बोनस अंक की जीत ने सर्विसेज को ओडिशा (17 अंक) से आगे निकलने में मदद की। वह 23 अंकों के साथ एलीट ग्रुप ए में चौथे स्थान पर पहुंच गई। जम्मू-कश्मीर (32 अंक) और मुंबई (29 अंक) ने ग्रुप से नॉकआउट स्थान हासिल किया। क्वार्टर फाइनल 8 फरवरी से शुरू होगा।

रणजी ट्रॉफी में सबसे सफल रन चेज

रेलवे बनाम त्रिपुरा 378/5 – 2023-24
सर्विसेज बनाम ओडिशा 376/0 – 2024-25
सौराष्ट्र बनाम उत्तर प्रदेश 372/4 – 2019-20
असम बनाम सर्विसेज 371/4 – 2008-09
राजस्थान बनाम विदर्भ 360/4 – 1989-90
उत्तर प्रदेश बनाम महाराष्ट्र 359/4 – 2021-22