रणजी ट्रॉफी 2025-26 शुरू होने से पहले घरेलू क्रिकेट की दिग्गज टीम मुंबई को बड़ा झटका लगा है। शार्दुल ठाकुर की अगुआई वाली टीम को जम्मू-कश्मीर के खिलाफ श्रीनगर में बुधवार (15 अक्टूबर) से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के पहले मैच में ऑलराउंडर शिवम दुबे की सेवाएं नहीं मिल पाएंगी। एशिया कप 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाले शिवम ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 44.02 के औसत से 1541 रन बनाए हैं। इसके अलावा 58 विकेट भी लिए हैं। मुंबई के इस ऑलराउंडर को पीठ में अकड़न की समस्या है और वह मंगलवार रात मुंबई वापस आ गए।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक सूत्र ने इंडियन एक्सप्रेस को शिवम दुबे को लेकर बताया, “वह टीम के साथ गए थे, लेकिन ठंड के कारण उनकी पीठ में अकड़न हो गई। टीम की मेडिकल टीम ने उन्हें आराम करने की सलाह दी, इसलिए वह मंगलवार को मुंबई वापस आ गए।” शिवम दुबे को भारतीय टी20 टीम में चुना गया है, जो इस महीने के अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टी20 मैच खेलेगी।

Ranji Trophy 2025 Live Streaming: Watch Here

क्या ऑस्ट्रेलिया जा पाएंगे शिवम दुबे

मुंबई की टीम को उम्मीद है कि शिवम दुबे इस सप्ताह के अंत तक ठीक हो जाएंगे और 23 अक्टूबर को भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होंगे। पिछले महीने एशिया कप जीतने में शिवम दुबे ने अहम भूमिका निभाई थी। स्पिनरों के खिलाफ छक्के जड़ने की उनकी क्षमता उन्हें निचले क्रम का विस्फोटक बल्लेबाज बनाती है। भारतीय टी20 टीम में होने के बावजूद दुबे पिछले कुछ सीजन से रणजी टीम का हिस्सा रहे हैं।

तनुश कोटियन और शम्स मुलानी ऑलराउंडर

पिछले सीजन में नॉकआउट में जगह बनाने से चूकी मुंबई टीम में मध्यक्रम के बल्लेबाज मुशीर खान की वापसी होगी। दुबे के अलावा मुंबई के पास तनुश कोटियन और शम्स मुलानी ऑलराउंडर हैं। मुंबई एलीट ग्रुप डी में है और उसे हैदराबाद, दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के साथ रखा गया है।

अजिंक्य रहाणे, सरफराज खान और तुषार देशपांडे हैं टीम में

मुंबई की टीम कुछ दिन पहले अपने नए कप्तान शार्दुल ठाकुर के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर गई है। मुंबई की टीम में कुछ भारतीय खिलाड़ी हैं। टीम में अजिंक्य रहाणे, सरफराज खान, तुषार देशपांडे शामिल हैं, जबकि भारत की अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे के ऑस्ट्रेलिया से लौटने के बाद सीधे टीम से जुड़ने की उम्मीद है। मुंबई की नजर पिछले साल जम्मू-कश्मीर से घर पर हार का बदला लेने पर होगी।