रणजी ट्रॉफी 2022 (Ranji Trophy 2022) का तीसरा राउंड जारी है। तीसरे राउंड के मुकाबले में पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री मनोज तिवारी ने चंडीगढ़ के खिलाफ 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा पुडुचेरी के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स द्वारा आईपीएल मेगा ऑक्शन में खरीदे गए देवदत्त पडिक्कल ने 178 रन बनाए। वहीं चेतेश्वर पुजारा ने फिर निराश किया।

रणजी ट्रॉफी 2022 के तीसरे रांउड के मुकाबले में बंगाल का सामना चंडीगढ़ से, सौराष्ट्र का सामना गोवा से और कर्नाटक का सामना पुडुचेरी से हो रहा है। इन तीनों मुकाबलों की बात करें तो बंगाल के लिए खेल मंत्री मनोज तिवारी ने 53 रनों की पारी खेली। इस सीजन में यह उनका पहला अर्धशतक था। इससे पहले चार पारियों में उन्होंने बस 49 रन बनाए थे जिसमें एक डक भी था।

देवदत्त पडिक्कल ने लगाया पहला शतक

आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में देवदत्त पडिक्कल को राजस्थान रॉयल्स ने अपने साथ जोड़ा है। वह इससे पहले आरसीबी के लिए खेलते थे। रणजी में कर्नाटक के लिए पारी की शुरुआत करते हुए तीसरे राउंड के मुकाबले में पुडुचेरी के खिलाफ उन्होंने शानदार 178 रनों की पारी खेली। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह उनका पहला शतक भी था। हालांकि, दोहरा शतक बनाने से वह जरूर चूक गए।

चेतेश्वर पुजारा ने फिर किया निराश

भारतीय टेस्ट टीम से बाहर किए गए वरिष्ठ टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में कुछ खास कमाल नहीं कर पा रहे हैं। अभी तक उन्होंने चार पारियों में महज 127 रन बनाए हैं जिसमें एक अर्धशतक और एक डक भी शामिल है। उनका अभी तक सर्वोच्च स्कोर 91 है। गोवा के खिलाफ तीसरे राउंड के मुकाबले में भी पहली पारी में वह सिर्फ 28 रन बना पाए।

इसके अलावा पहले दिन की बात करें तो नागालैंड के आलराउंडर श्रीकांत मुंधे ने शानदार 123 रनों की शतकीय पारी खेली थी। क्वार्टर फाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी दिल्ली छत्तीसगढ़ के खिलाफ बेअसर दिखी थी। वहीं त्रिपुरा के गेंदबाज मणिशंकर मूरासिंह ने पांच विकेट लेकर पंजाब को मुश्किल में डाल दिया था। यश दुबे ने भी मध्यप्रदेश के लिए शतकीय पारी खेली थी।