चैंपियंस ट्रॉफी शुरू होने में 20 दिन से कम का समय है, लेकिन टीम इंडिया के खिलाड़ियों का खराब प्रदर्शन चिंता का सबब है। रणजी ट्रॉफी में रोहित शर्मा, विराट कोहली से लेकर ऋषभ पंत का प्रदर्शन खराब रहा है। इस बीच हार्निया सर्जरी से वापसी कर रहे चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव भी संघर्ष करते दिखे। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में उत्तर प्रदेश के खिलाफ मध्य प्रदेश ने पहली पारी में हर्ष गवली के 258 और शुभम शर्मा के 208 रन की पारी की मदद से 7 विकेट पर 670 रन बनाए।
अक्टूबर 2024 के बाद पहली बार मैच खेल रहे कुलदीप ने उत्तर प्रदेश के लिए मध्य प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में 31 ओवर में 124 रन लुटा दिए। हालांकि, उन्होंने 3 विकेट लिए। कुलदीप को एक विकेट पहले दिन ही मिल गया था। मध्य प्रदेश के ओपनर हिमांशु मंत्री ने 125 गेंद पर 52 रन बनाकर आउट हुए थे।
हर्ष गवली को कुलदीप ने पवेलियन भेजा
इसके अलावा हर्ष गवली को कुलदीप ने पवेलियन भेजा। हर्ष ने 387 गेंद पर 25 चौके और 4 छक्के की मदद से 258 रन बनाए। शुभम ने 280 गेंद पर 18 चौके और 1 छक्के की मदद से 208 रन बनाए। इसके अलावा कुलदीप ने सागर सोलंकी को पवेलियन भेजा। उन्होंने 93 गेंद पर 72 रन बनाए। इसमें 8 चौके और 2 छक्के लगाए।
अगले हफ्ते होगी कुलदीप यादव की वापसी
कुलदीप यादव ने हार्निया की सर्जरी से पहले अक्टूबर 2024 में भारत के लिए टेस्ट मैच खेला था। बेंगलुरु में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में खेले थे। इसके बाद वह न्यूजीलैंड की खिलाफ भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन अनफिट होने के कारण नहीं खेले। कुलदीप की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी अगले हफ्ते होने ही। भारत के लिए इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने का मौका मिलेगा। इंग्लैंड और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम के स्क्वाड की जानकारी के लिए क्लिक करें।