रणजी ट्रॉफी में स्टार बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का शानदार प्रदर्शन जारी है। उन्होंने सौराष्ट्र के लिए खेलेत हुए राजस्थान के खिलाफ शुक्रवार (9 फरवरी) को शतक जड़ा। इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज में आखिरी 3 टेस्ट के लिए भारतीय टीम के ऐलान से पहले पुजारा ने यह पारी खेली है। हालांकि, इससे चयन पर शायद ही फर्क पड़े। भारत के कप्तान रोहित शर्मा पहले ही संकेत दे चुके हैं कि पुजारा और अजिंक्य रहाणे जैसे खिलाड़ियों के लिए टीम के दरवाजे बंद हो गए हैं।

पुजारा ने रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में 2 अर्धशतक और 1 दोहरा शतक लगा चुके हैं। राजस्थान के खिलाफ मैच से पहले वह 5 मैच की 8 पारी में 76.86 की औसत से 522 रन बना चुके हैं। पुजारा का यह इस सीजन में दूसरा शतक है। उन्होंने 199 गेंद पर 8 चौके की मदद से शतक जमाया। शेल्डन जैक्सन के साथ मिलकर सौराष्ट्र को मुश्किल से निकाला।

पुजारा का फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 62 वां शतक

पुजारा का यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 62 वां शतक था। उन्होंने जब शतक पूरा किया तब सौराष्ट्र ने 80 ओवर में 3 विकेट पर 224 रन बना लिए थे। चेतेश्वर पुजारा 199 गेंद 100 और शेल्डन जैक्सन 150 गेंद पर 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 70 रन बनाकर क्रीज पर थे। दोनों के बीच 150 रनों की साझेदारी हो गई थी।

सौराष्ट्र को मुश्किल स्थिति से उबारा

शेल्डन जैक्सन जब चेतेश्वर पुजारा का साथ देने क्रीज पर आए तब सौराष्ट्र की टीम मुश्किल में थी। 74 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी। केविन जिवरजानी बगैर खाता खोले आउट हो गए थे। हार्विक देसाई 21 और विश्वराज सिंह जडेजा 22 रन बनाकर आउट हो गए थे। राजस्थान के लिए अनिकेत चौधरी, मानव सुधार और अजय कुकना ने 1-1 विकेट लिए।