भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का जादू फैन्स पर सिर चढ़कर बोलता है। ऐसा ही मामला हालही में देखने को मिला, जब रांची की आराध्या ने धोनी की गाड़ी के पीछे अपनी स्कूटी दौड़ा दी। आराध्या अपने दोस्तों के साथ सड़क के किनारे खड़ी थी। तभी उसने देखा कि सड़क पर धोनी अपनी लग्जरी कार हमर से जा रहे हैं। उसके बाद आराध्या ने अपनी स्कूटी उनकी गाड़ी के पीछे दौड़ा दी। इसके साथ ही उनका ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए वह सड़क पर धोनी का नाम भी पूकार रही थी। जब धोनी को आराध्या की आवाज सुनी तो उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मियों को उसे आने के लिए कहा। धोनी एयरपोर्ट जा रहे थे। आराध्या ने धोनी का काफी दूर तक पीछा किया। इसके बाद एयरपोर्ट के पास आराध्या को धोनी से मिलने का मौका मिला। धोनी ने आराध्या की कोशिश की तारीफ की और उसके बाद उसके साथ सेल्फी भी ली।
वीडियो में देखें- ‘MS Dhoni- द अनटोल्ड स्टोरी’ के बारे में धोनी और सुशांत सिंह राजपूत ने क्या कहा
धोनी मुंबई जाने के लिए फ्लाइट पकड़ने एयरपोर्ट पर जा रहे थे। धोनी के साथ सेल्फी क्लिक करने के बाद आराध्या ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि धोनी बहुत ही जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं। आराध्या ने पहले भी धोनी से मिलने की कोशिश की थी, लेकिन इस बार वह कामयाब हो गईं।
बता दें, कुछ दिन पहले भी महेंद्र सिंह धोनी अपनी हमर कार को लेकर चर्चा में आए थे। तब न्यूजीलैंड की टीम एक बस में सफर कर रही थी, वहीं उनके साथ एक हमर कार चल रही थी, यह कार कोई और नहीं बल्कि टीम इंडिया के कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी चला रहे थे। न्यूजीलैंड की टीम उन्हें कार चलाते हुए बस से देख रही थी। यह घटना भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए चौथा वन-डे से पहले की है। न्यूजीलैंड की टीम रांची में मैच खेलने पहुंची थी।
