साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में दाएं हाथ के बल्लेबाज रजत पाटीदार का भारत के डेब्यू हुआ। कप्तान केएल राहुल ने ऋतुराज गायकवाड़ की जगह उन्हें टीम में जगह दी और उन्होंने साई सुदर्शन के साथ पारी का आगाज भी किया। हालांकि रजत बल्ले से कुछ खास योगदान नहीं दे पाए, लेकिन भारत के लिए डेब्यू करने के बाद उनकी चांदी हो गई।
रजत की बढ़ गई फीस
दरअसल, आईपीएल में उनकी फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने रजत पाटीदार की फीस बढ़ा दी। आरसीबी में रजत की फीस 20 लाख रुपए थी, लेकिन डेब्यू के बाद फ्रेंचाइजी ने इसे बढ़ाकर 50 लाख रुपए कर दिया। रजत पाटीदार को आरसीबी ने 2021 में 20 लाख रुपए में खरीदा था। 2 सीजन आईपीएल खेलने के बाद उन्हें भारत के लिए डेब्यू करने का मौका मिल गया।
इंटरनेशनल डेब्यू में फ्लॉप रहे रजत
रजत पाटीदार को डेब्यू का फायदा भले ही आईपीएल में हो गया हो, लेकिन वह अपने डेब्यू में कुछ खास नहीं कर पाए। अपने डेब्यू में रजत पाटीदार 22 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने क्लीन बोल्ड कर दिया। रजत पाटीदार ने साई सुदर्शन के साथ पारी का आगाज किया था। आईपीएल में रजत पाटीदार आरसीबी के लिए 4 नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं।
पाटीदार का आईपीएल करियर
रजत पाटीदार के आईपीएल में आंकड़े काफी अच्छे हैं। 2022 सीजन में पाटीदार ने RCB के लिए खेलते हुए एलिमिनेटर मुकाबले में शतक लगाकर सुर्खियां बटोरी थीं। वह IPL प्ले-ऑफ में शतक लगाने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी बने थे। उन्होंने IPL में अब तक 12 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 40.40 की औसत और 144.29 की स्ट्राइक रेट से 404 रन बनाए हैं। अपने टी-20 करियर में अब तक उन्होंने 37.27 की औसत और 148.55 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,640 रन अपने नाम किए हैं।