राहुल द्रविड़ की कप्तानी में खेल चुके पूर्व क्रिकेटर एम सुरेश कुमार की मौत हो गई है। पुलिस को आशंका है कि उन्होंने आत्महत्या की है। हालांकि, वह मामले की अन्य एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, एम सुरेश कुमार की लाश उनके बेडरूम से बरामद हुई है।शुक्रवार शाम करीब 7:10 बजे जब पूर्व क्रिकेटर की पत्नी और बेटे अपने घर लौटे तो उन्होंने एम सुरेश कुमार को बेडरूम में लटका पाया।

एम सुरेश कुमार ने 2005 में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। एम सुरेश कुमार 1990-91 में भारत की अंडर 19 टीम का भी हिस्सा थे। उन दिनों भारत की अंडर-19 टीम की कमान राहुल द्रविड़ के हाथों में थी। राहुल द्रविड़ उनकी गेंदबाजी से काफी प्रभावित थे। उन्होंने कई बार एम सुरेश कुमार की गेंदबाजी की तारीफ की थी। साल 1992 में एम सुरेश कुमार का भारतीय की वनडे टीम के लिए भी चयन हुआ था, लेकिन उन्हें मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।

एम सुरेश कुमार ने अंडर-19 टीम का हिस्सा रहते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेला था। तब न्यूजीलैंड की अंडर-19 टीम में स्टीफन फ्लेमिंग और डियोन नैश जैसे स्टार खिलाड़ी भी थे। एम सुरेश कुमार ऑलराउंडर थे। वह रणजी ट्रॉफी में केरल के लिए खेला करते थे।

अलपुझा के रहने वाले एम सुरेश कुमार सदर्न रेलवे में अधिकारी थे। उन्होंने 1992-93 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। उन्होंने 2005-06 तक 72 मैच खेले। इन मुकाबलों में 1,657 रन बनाए और 196 विकेट भी लिए।

हालांकि, सुरेश कुमार को टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका कभी नहीं मिला। एम सुरेश कुमार ने केरल के लिए 52, जबकि रेलवे के लिए 17 रणजी मैच खेले। उन्होंने दलीप ट्रॉफी में साउथ जोन और सेंट्रल जोन की ओर से हिस्सा लिया था।

पुलिस ने बताया, ‘उनके बेटे ने शाम 7 बजकर 15 मिनट पर हमें जानकारी दी कि घर में उनके पिता की लाश लटक रही है। शुरुआती जांच से तो यहीं लग रहा है कि ये आत्महत्या है। हालांकि, हम फिलहाल मामले की अन्य एंगल से भी जांच कर रहे हैं।’