पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की सादगी और क्रिकेट की समझ के सभी कायल हैं। विपक्षी खिलाड़ी भी इसके लिए उनका सम्मान करते हैं। इसी क्रम में मुंबई इंडियंस के लेग स्पिनर राहुल चाहर ने धोनी की जमकर तारीफ की है। चाहर ने चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान को मिस्टर परफेक्शनिस्ट बताया है। उनका मानना है कि धोनी हर मामले में परफेक्ट हैं। चाहर ने पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा को दिए इंटरव्यू में ऐसा कहा है।
आकाश ने अपने इंस्टाग्राम पर शुक्रवार (9 अप्रैल) को एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें वो चाहर से कुछ सवाल करते हुए दिखाई दे रहे हैं। आकाश ने उन्हें एक शब्द दिया और उससे उन्हें किस खिलाड़ी की याद आती है वह पूछा। आकाश ने सबसे पहले परफेक्शनिस्ट के बारे में पूछा। इस मामले में चाहर ने धोनी का नाम लिया। उन्होंने कहा, ‘‘वे हर चीज में परफेक्ट रहते हैं। शांति से कप्तानी करते हैं। उनका किट बैग भी परफेक्ट रहता है। रूम में सभी सामान अपनी जगह पर रहता है।’’ जिम में सबसे ज्यादा कौन रहता है इस सवाल पर राहुल ने विराट कोहली के साथ अपने भाई दीपक चाहर का नाम लिया।
चाहर ने कहा, ‘‘कोहली जिम में सबसे पहले आते हैं और सबसे अंत में जाते हैं। अगर जिम ट्रेनर की छुट्टी होती है तो भी वे जाते हैं। दूसरी ओर, मेरा भाई दीपक को भी जिम जाना पसंद है। इसके लिए वह मुझे मार भी सकता है।’’ सोशल मीडिया पर स्टार कौन है इस पर चाहर ने मुंबई के अपने साथी हार्दिक पंड्या का नाम लिया। सबसे अच्छा डांसर कौन है इस पर उन्होंने श्रेयस अय्यर का नाम लिया। उन्होंने कहा कि अय्यर इतने टैलेंटेड है कि कार्ड से जादू भी दिखाते हैं।
किसके साथ ट्रैवल करना चाहेंगे इस पर राहुल ने कहा, ‘‘मेरा भाई। उनके साथ अगर मुझे मजा भी नहीं आता है तो भी मुझे ले जाते हैं। वो मुझे साथ में बिठाते भी इसलिए हैं कि उनका काम आसान हो सके। कहते हैं चल ये काम कर, वो काम कर। छोटा भाई हूं न इसलिए ज्यादा काम कराते हैं।’’ चाहर ने इशान किशन के बारे में कहा कि उनका कमरा बिखरा रहता है। आकाश ने इस पर कहा- नॉटी बॉय इशान किशन।
