पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राष्ट्रीय स्तर की महिला हॉकी खिलाड़ी पर पड़ोसी की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने उसे परिवार के अन्य चार सदस्यों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। खिलाड़ी का नाम गगनप्रीत कौर है। वह उड़ीसा में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी कर रही थी। गगनप्रीत को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए 8 फरवरी को उड़ीसा रवाना होना था।
जानकारी के मुताबिक, फतेहगढ़ साहिब जिले के बस्सी पठाना में गत 30 जनवरी की रात को गगनप्रीत ने परिवार वालों के साथ मिलकर पड़ोसी सतपाल सिंह की हत्या कर दी थी। तीन फरवरी को मौत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद पुलिस ने घर से एक ही परिवार के पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गगनप्रीत दो बार पंजाब हॉकी टीम की ओर से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी है। वह टीम के साथ एक सिल्वर मेडल और एक ब्रॉन्ज मेडल जीती है।
गगनप्रीत का सपना ओलंपिक में भारत की ओर से खेलने का था। वह पटियाला के डडियाल खालसा सीनियर सेकंडरी स्कूल में 12वीं की छात्रा है। इसके अलावा गगनप्रीत साईं सेंटर में प्रैक्टिस भी करती थी। कहा जा रहा है कि गगनप्रीत और उसके परिवार वालों ने हॉकी स्टिक से सतपाल सिंह की जान ले ली। जिस हॉकी से गगनप्रीत ओलंपिक में खेलना चाहती थी, उसी को उसने अपने करियर को बर्बाद करने का हथियार बना लिया है।
शनिवार को गगनप्रीत को फतेहगढ़ साहिब में न्यायाधीश के सामने पेश किया गया। मामला दर्ज करवाने वाले सोमा सिंह के मुताबिक 30 जनवरी को गगनप्रीत और उसके परिवार वालों ने उसके बेटे सतपाल को बुरी तरह पीटा। हॉकी से सिर पर भी वार किए। गहरी चोट के कारण सतपाल की जान चली गई। पुलिस ने गगनप्रीत के साथ उसकी मां गुरिंदर कौर, भाई अमृतपाल सिंह को भी पकड़ लिया है। तीनों को अदालत ने दो दिनों के रिमांड पर भेजा है। एक नाबालिग लड़के को बाल सुधार गृह भेजा गया है। वहीं, गगनप्रीत के पिता स्वर्ण सिंह तीन दिनों के पुलिस रिमांड पर हैं।