Pakistan Super League 2024: शेरफेन रदरफोर्ड की 31 गेंद में नाबाद 58 रन की पारी की बदौलत क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के नौवें संस्करण में अपनी चौथी जीत हासिल की। उसने गुरुवार 29 फरवरी 2024 की रात कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम में आखिरी गेंद पर रोमांचक मुकाबले में कराची किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया।

IPL 2024 में KKR का हिस्सा हैं रदरफोर्ड

शेरफेन रदरफोर्ड इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हैं। वह मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए भी खेल चुके हैं। वायरल संक्रमण के कारण मीर हमजा, तबरेज शम्सी और लेउस डु प्लॉय समेत कराची किंग्स के कई फ्रंटलाइन खिलाड़ी मैच नहीं खेल पाए। डु प्लॉय अस्पताल में भर्ती हैं।

लेउस डु प्लॉय अस्पताल में भर्ती

लेउस डु प्लॉय PSL 2024 में अब तक 1 मैच ही खेले हैं। उसमें उन्होंने 24 रन बनाए थे। मीर हमजा 4 मैच में 6 विकेट ले चुके हैं। तबरेज शम्सी के नाम 4 मैच में 3 विकेट हैं। इस जीत के बाद क्वेटा ग्लैडिएटर्स अंक तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंच गई। उसके 5 मैच में 8 अंक हैं। कराची किंग्स के 5 मैच में 4 अंक हैं। वह 5वें नंबर पर है।

क्वेटा ग्लैडिएटर्स की शानदार रही शुरुआत

166 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए क्वेटा ग्लैडिएटर्स के जेसन रॉय और सऊद शकील (24 रन, 20 गेंद, 4 चौके) ने पावरप्ले में 57 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की। बाद में हसन अली ने उन्हें आउट कर दिया। जेसन रॉय ने आक्रामक भूमिका निभाते हुए पावरप्ले के दौरान 3 छक्के और 1 चौका लगाया। तीसरे नंबर पर उतरे ख्वाजा नफे बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में गलती कर बैठे।

सीफर्ट ने लपका शानदार कैच, सरफराज लौटे पवेलियन

ख्वाजा नफे 6 गेंद में 2 रन बनाकर जाहिद महमूद की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर मोहम्मद इरफान खान के हाथों कैच आउट हो गए। हसन अली की गेंद पर कराची किंग्स के विकेटकीपर टिम सीफर्ट ने सरफराज अहमद (03 रन, 6 गेंद) का कैच लपक लिया। उन्होंने गेंद पकड़ने के लिए अपनी बाईं ओर गोता लगाया। दस ओवर का खेल होने के बाद क्वेटा ग्लैडिएटर्स को जीत के लिए 83 रन की जरूरत थी और उसके 7 विकेट शेष थे।

जेसन रॉय ने PSL में लगाया अपना 8वां पचासा

इसके बाद जेसन रॉय (52 रन, 31 गेंद, 2 चौके, 4 छक्के) ने केवल 27 गेंद पर पीएसएल में अपना 8वां अर्धशतक पूरा किया। शोएब मलिक ने 12वें ओवर में अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपक लिया। अगले ओवर में जाहिद महमूद ने रिले रोसौव (6 रन, 10 गेंद, 1 चौका) को आउट करके ग्लेडिएटर्स को मुश्किल स्थिति में डाल दिया। टीम को जीत के लिए 47 गेंद पर 65 रन की जरूरत थी।

इसके बाद शेरफेन रदरफोर्ड को अकील होसेन के साथ तालमेल बैठाने में कुछ समय लगा, लेकिन उन्होंने 15वें, 16वें, 17वें और 18वें ओवर में एक-एक छक्का लगाया। क्वेटा ग्लैडिएटर्स को अंतिम 2 ओवर में 25 रन की जरूरत थी। अनवर अली को अंतिम ओवर में 15 रन डिफेंड करने की चुनौती मिली, लेकिन वह असफल रहे।

रदरफोर्ड ने PSL में लगाया अपना तीसरा अर्धशतक

अंतिम ओवर में शेरफेन रदरफोर्ड ने हसन अली की पहली दो गेंदों पर छक्के लगाए और 27 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। पीएसएल में उनका यह तीसरा अर्धशतक है। आखिरी गेंद पर क्वेटा ग्लैडिएटर्स को एक रन की जरूरत थी और रदरफोर्ड ने फाइन लेग की दिशा में चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी।

अकील होसेन (नाबाद 22 रन, 17 गेंद, एक चौका, एक छक्का) और रदरफोर्ड (नाबाद 58 रन, 31 गेंद, एक चौका, 6 छक्के) ने छठे विकेट के लिए 80 रन की नाबाद साझेदारी की। कराची किंग्स के हसन अली और जाहिद महमूद ने दो-दो विकेट लिए। शोएब मलिक भी एक विकेट लेने में सफल रहे।