पाकिस्तान सुपर लीग (Pakistan Super League) 2021 का 26वां मुकाबला गुरुवार यानी 17 जून की रात इस्लामाबाद यूनाइटेड (Islamabad United) और पेशावर जाल्मी (Peshawar Zalmi) के बीच खेला गया। इस मैच में दोनों टीमों की ओर से चौके-छक्कों की बरसात हुई। हालांकि, बाजी इस्लामाबाद यूनाइटेड ने मारी। उसने पाकिस्तान सुपर लीग के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया और 15 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस मैच में दोनों टीमों की ओर से कुल 45 चौके और 25 छक्के लगे। इस्लामाबाद यूनाइटेड की ओर से 25 चौके और 13 छक्के लगे, जबकि पेशावर जाल्मी के बल्लेबाजों ने 20 चौके और 12 छक्के लगाए। इस्लामाबाद यूनाइटेड पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2021 की पॉइंट टेबल में टॉप पर बना हुआ है। उसके 9 मैच में 14 अंक हैं। पेशावर जाल्मी दूसरे नंबर पर है। उसके 10 मैच में 10 अंक हैं। इस्लामाबाद यूनाइटेड के कप्तान उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja) ने अपनी 56 गेंद की नाबाद पारी के दौरान 13 चौके 3 छक्के लगाए। उन्होंने 53 गेंद में शतक लगाया। वह 105 रन बनाकर नाबाद रहे। वह प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए।
सानिया मिर्जा (Sania Mirza) के पति और पेशावर जाल्मी के अनुभवी क्रिकेटर शोएब मलिक (Shoaib Malik) ने भी 36 गेंद में 68 रन ठोके। उन्होंने 6 छक्के और 3 चौके लगाए, लेकिन पेशावर जाल्मी को जिताने का उनका प्रयास नाकाफी रहा।
इस मैच में पेशावर जाल्मी ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। इस्लामाबाद यूनाइटेड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह PSL के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर है। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेशावर जाल्मी की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 232 रन ही बना पाई।
इस्लामाबाद यूनाइटेड को उस्मान ख्वाजा और कॉलिन मुनरो ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी। मुनरो ने 28 गेंद में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 48 रन बनाए। मुनरो के आउट होने के बाद आसिफ अली ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 14 गेंद में 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से 43 रन ठोके। वह 145 रन के स्कोर पर आउट हुए। उस्मान ख्वाजा ने एक छोर संभाले रखते शानदार शतक जड़ा। उस्मान को ब्रैंडन किंग का भी अच्छा साथ मिला। किंग ने 22 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 46 रन बनाए।
पेशावर जाल्मी की शुरुआत खराब रही। हजरतउल्लाह जजाई पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। हालांकि, कामरान अकमल (32 गेंद, 53 रन, 7 चौके, 2 छक्के) और शोएब मलिक ने ताबड़तोड़ पचासे ठोके।
शरफेन रदरफोर्ड ने भी 8 गेंद में एक चौके और 4 छक्के की मदद से 29 रन बना पेशावर को जिताने काफी प्रयास किया। कप्तान वहाब रियाज ने एक चौके और 2 छक्के की मदद से 15 गेंद में नाबाद 28 रन बनाए। उमैद आसिफ ने दो चौके और एक छक्के की मदद से 9 गेंद में 20 रन जोड़े। इसके बावजूद पेशावर जाल्मी लक्ष्य से 15 रन पीछे रह गया।