भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ लंबे समय से भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे हैं। वहीं पिछले कुछ सालों में उनका और विवादों का रिश्ता इतना गहरा हो गया है कि वह किसी ना किसी कंट्रोवर्सी में बने ही रहते हैं। अब रणजी ट्रॉफी 2025-26 से पहले एक नया विवाद उनके नाम के साथ जुड़ गया है। दरअसल महाराष्ट्र और मुंबई की टीम के बीच एक अभ्यास मैच एमसीए स्टेडियम में खेला जा रहा था। इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करके आउट हुए पृथ्वी शॉ ने मुशीर खान के ऊपर बल्ला तान दिया और उन्हें मारने की कोशिश की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
क्या था पूरा मामला?
आपको बता दें कि इस पारी में पृथ्वि शॉ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 181 रन बनाए थे। वहीं जब वह दोहरे शतक की ओर अग्रसर थे तो उसी वक्त सरफराज खान के छोटे भाई मुशीर खान ने उनको अपनी एक गेंद पर कैच आउट करके पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद मुशीर का सेलिब्रेशन शायद पृथ्वि को पसंद नहीं आया और जाते-जाते उन्होंने उनके बल्ला मारने की कोशिश की। इसके बाद मैदान पर बवाल मच गया और सभी खिलाड़ी इकट्ठे हो गए। जिसके बाद अंपायर्स को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा। वहीं जाते हुए मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड के साथ भी पृथ्वी की गहमागहमी हुई।
पृथ्वी शॉ का नाम इसी के साथ एक बार फिर विवाद में आ गया। इससे पहले रोड पर एक मॉडल व इंफ्लुएंसर के साथ गाड़ी की तोड़फोड़ का विवाद भी करीब दो साल पहले सामने आया था। वहीं इस साल की शुरुआत में ही उन्होंने मुंबई को छोड़ महाराष्ट्र की टीम को ज्वॉइन कर लिया था। इससे पहले उनका कफ सिरप वाला कांड भी काफी चर्चा का विषय बना रहा था। यही कारण है कि पृथ्वी और विवादों का नाता चोली और दामन जैसा है। अब देखना होगा कि इस मामले के बाद क्या कार्रवाई होती है। कुछ देर पहले ही उनके कमबैक की बातें हो रही थीं मगर लगातार विवाद कहीं ना कहीं पृथ्वि की छवि सुधार ही नहीं पा रहे हैं।
रणजी ट्रॉफी से पहले यह वॉर्म अप मैच तैयारियों के लिहाज से खेला जा रहा है। इस मैच में महाराष्ट्र की टीम पहले खेलने उतरी। अर्शिन कुलकर्णी के साथ पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने 140 गेंदों पर अपना शतक पूरा कर लिया था। जबकि अर्शिन ने 95 गेंदों पर ही सैकड़ा जड़ दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 305 रनों की शानदार साझेदारी की। पृथ्वी और अर्शिन की जोड़ी ने मुंबई के खेमे में मौजूद शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे, शिवम दुबे जैसे नामी गेंदबाजों को जमकर धोया था।