Prithvi Shaw: भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ पिछले कई महीनों से चर्चा का विषय बने हुए हैं। पृथ्वी शॉ ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत बेहतरीन तरीके से की थी, लेकिन फिलहाल वो अपने प्रदर्शन और व्यवहार की वजह से मुंबई टीम से भी बाहर कर दिए गए हैं। आईपीएल 2025 की नीलामी में भी शॉ को किसी ने नहीं खरीदा था और हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें मुंबई टीम से बाहर कर दिया गया।

पृथ्वी शॉ के सपोर्ट में आया यह भारतीय खिलाड़ी

मुंबई टीम से बाहर किए जाने के बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक अधिकारी ने पीटीआई से बात की थी और कहा था कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हम 10 फील्डरों के साथ खेल रहे थे क्योंकि हमें पृथ्वी शॉ को छिपाने के लिए मजबूर होना पड़ा था। गेंद उनके पास से गुजरती थी और वह मुश्किल से इसे पकड़ने का प्रयास करते थे। उनकी फिटनेस, अनुशासन और रवैया खराब है। अलग-अलग खेल के लिए अलग-अलग नियम नहीं हो सकते। उन्होंने ये भी कहा कि शॉ रात में पार्टी करते थे और अभ्यास सत्र में भी नहीं पहुंचते थे।

अब एमसीए अधिकारी के द्वारा लगाए गए इस आरोप के बाद भारत के पूर्व क्रिकेटर जतिन परांजपे ने सोशल मीडिया पर शॉ का बचाव किया। उन्होंने कहा कि यह मुंबई के साथ शॉ का आखिरी सीजन हो सकता था और ऐसा लगता है कि एमसीए दाएं हाथ के इस खिलाड़ी की मदद नहीं करना चाहता। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि एमसीए के सूत्रों की ओर से इस तरह की ढीली टिप्पणियां वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण हैं। ऐसा लगता है कि वे शॉ की मदद करने में रुचि नहीं रखते हैं। बेबीसिट से उनका क्या मतलब है। मुंबई के खिलाड़ी के रूप में यह निश्चित रूप से उनका आखिरी सीजन होगा।

इस बीच आपको बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगड़ ने मेलबर्न टेस्ट मैच से पहले भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को कुछ अहम सलाह दी जिससे कि वो रन बनाने में कामयाब हो जाएं।