मुंबई के एक कोर्ट ने बुधवार (3 अप्रैल) को पुलिस को क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के खिलाफ पिछले साल सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सपना गिल की छेड़छाड़ की शिकायत पर जांच के आदेश दिये हैं। मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट एस सी तायडे ने पुलिस को 19 जून तक जांच रिपोर्ट जमा करने के लिये कहा है। हालांकि, अदालत ने शॉ और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने के लिये पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की गिल की दलील खारिज कर दी।
शॉ ने आरोपों का खंडन किया है। गिल ने आरोप लगाया था कि शॉ ने अंधेरी में एक पब में उनके साथ छेड़खानी की थी। गिल को फरवरी 2023 को अन्य लोगों के साथ शॉ पर हमले के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सेल्फी लेने को लेकर उनकी बहस हुई थी। गिल फिलहाल जमानत पर हैं। जमानत मिलने के बाद वह शॉ, उनके दोस्त आशीष यादव और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने अंधेरी हवाई अड्डा थाने पहुंचीं। पुलिस के मामला दर्ज नहीं करने पर उन्होंने मजिस्ट्रेट अदालत की शरण ली।
शॉ के खिलाफ गिल ने इन धाराओं में केस दर्ज कराने की मांग की
शॉ के खिलाफ अपनी शिकायत में गिल ने शॉ के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (छेड़छाड़), 509 (शब्द, इशारा या किसी महिला की गरिमा का अपमान करने का इरादा) और 324 (जानबूझकर खतरनाक हथियार या किसी चीज से चोट पहुंचाना) के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की। शॉ के दोस्त आशीष यादव पर बैट से हमला करने का आरोप है।
पुलिस ने गिल के आरोप झूठे और निराधार बताया
पुलिस द्वारा पृथ्वी शॉ के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने के दावे के साथ गिल ने मुंबई के क्रिकेटर के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए मजिस्ट्रेट अदालत का रुख किया था। हालांकि, पुलिस ने अदालत को बताया कि शॉ के खिलाफ गिल के आरोप झूठे और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि गिल के साथ उनका एक दोस्त था। दोनों उस समय नशे में थे।
आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं पृथ्वी शॉ
पृथ्वी शॉ वर्तमान में इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का हिस्सा हैं। इस सीजन में फ्रैंचाइजी के लिए अपने पहले मैच में 24 वर्षीय खिलाड़ी ने 27 गेंदों में 43 रनों की तेज पारी खेली। चार चौकों और दो छक्कों लगाए। हालांकि, कोलकाता के खिलाफ वह कुछ खास नहीं कर पाए। वह 7 गेंद पर 10 रन बनाकर आउट हो गए।
नोट-भाषा इनपुट की मदद से बनाई गई खबर