भारतीय टीम के ओपनर पृथ्वी शॉ पिछले कुछ समय से मैदान के अंदर की जगह मैदान के बाहर की खबरों को लेकर सुर्खियों में है। पृथ्वी फिलहाल आईपीएल के 13वें सीजन के खेलने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हैं। वे दिल्ली कैपिटल्स की टीम के ओपनर हैं। आईपीएल शुरू होने से पहले ही पृथ्वी चौके-छक्के लगा रहे है, लेकिन क्रिकेट के मैदान पर नहीं बल्कि प्यार की पिच पर। पृथ्वी इस पिच पर एक मॉडल-एक्ट्रेस से बोल्ड हो गए हैं। वे भी टीम इंडिया के उन खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं, जिनकी डेटिंग की खबरें मीडिया में आती रहती हैं।

माना जा रहा है कि यह भारतीय ओपनर इन दिनों टीवी एक्ट्रेस प्राची सिंह को डेट कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो पृथ्वी और प्राची अच्छे दोस्त बताए जा रहे हैं। दरअसल, पृथ्वी के हर इंस्टाग्राम पोस्ट पर प्राची का कमेंट रहता है। भारतीय ओपनर उनको रिप्लाई भी करता है। प्राची एक्ट्रेस और डांसर हैं। वो कलर्स टीवी के मशहूर सीरियल उड़ान में काम कर चुकी हैं। वैसे प्राची एक मॉडल भी हैं। वे बेली डांसिंग के लिए भी मशहूर हैं।

prithvi shaw

वेस्टइंडीज के खिलाफ 2018 में अपने पहले ही टेस्ट में शतक लगाने वाले पृथ्वी को उसी साल ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर चोट लगी और वे टीम से बाहर हो गए। इसके बाद प्रतिबंधित दवाईयों के सेवन के कारण उन पर बीसीसीआई ने प्रतिबंध भी लगाया। इस साल न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने वापसी की, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। पृथ्वी पर घमंडी होने का आरोप लगा था। इसके बाद सचिन तेंदुलकर ने खुद ही उन्हें समझाया था।

prithvi shaw

पृथ्वी शॉ के करियर की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए 4 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान पृथ्वी ने 7 पारियों में 55.8 की औसत से 335 रन बनाए हैं। उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक भी लगाया। वनडे में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। पृथ्वी ने 3 मैच की 3 पारियों में 28 की औसत से 84 रन बनाए हैं। आईपीएल में इस ओपनर ने 25 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 25 पारियों में 598 रन बनाए हैं। पृथ्वी का औसत 23.9 और स्ट्राइक रेट 141.0 का रहा है। इस दौरान उन्होंने 4 अर्धशतक जड़े हैं।