सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ कंधे में लगी चोट से उबर चुके हैं। वे अपनी पुरानी फिटनेस फिर से हासिल कर चुके हैं। वे अब क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में चयन के लिए उपलब्ध हैं। पृथ्वी शॉ इंडिया-ए टीम के साथ जुड़ने के लिए न्यूजीलैंड रवाना हो गए हैं। वहीं तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार लंदन में सर्जरी कराकर भारत लौट आए हैं। उन्होंने टीम इंडिया के फिजियोथेरेपिस्ट योगेश परमार से मदद ली थी। भुवनेश्वर हार्निया की सर्जरी कराने के लिए 9 जनवरी को लंदन रवाना हुए थे। वहां 11 जनवरी को उनकी सर्जरी हुई थी। वे अब बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में अपनी फिटनेस हासिल करेंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पृथ्वी शॉ इस साल तीन जनवरी को कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान ओवरथ्रो रोकने की कोशिश में गिर गए थे। उनके कंधे में चोट लग गई थी। यही कारण था कि वे 10 जनवरी को इंडिया-ए टीम के साथ न्यूजीलैंड दौरे के लिए रवाना नहीं हो पाए थे। बीसीसीआई ने पृथ्वी शॉ एमआरआई स्कैन कराया था।
इंडिया ए को न्यूजीलैंड दौरे पर तीन वनडे और दो चार दिवसीय मैच खेलने हैं। पृथ्वी वनडे और टेस्ट दोनों ही फॉर्मेट में इंडिया-ए का हिस्सा हैं। पृथ्वी ने डोपिंग के कारण 8 महीने का प्रतिबंध झेलने के बाद पिछले महीने ही वापसी की थी। इस सलामी बल्लेबाज ने वापसी के बाद रणजी ट्रॉफी में बड़ौदा के खिलाफ अपने पहले मैच में मुंबई के लिए शतक जड़ा था।
On my way to New Zealand. Really excited to join my teammates. One of my favourite places where we won the ICC U19 World Cup in 2018. pic.twitter.com/TU3svQgcCQ
— Prithvi Shaw (@PrithviShaw) January 16, 2020
इस बीच टीम चयन मामलों में जुड़े एक सूत्र ने बताया, ‘शुभमन गिल टीम के रिजर्व सलामी बल्लेबाज इसलिए बने, क्योंकि पृथ्वी शॉ डोपिंग का प्रतिबंध झेल रहे थे। अगर हम वरिष्ठता या कौशल देखे तो वे शुभमान से ऊपर हैं। वे खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर नहीं हुए, बल्कि चोट या मैदान से बाहर की गतिविधियों के कारण। वे अब शुभमन के साथ टीम में रिजर्व सलामी बल्लेबाज के लिए होड़ करेंगे।’