बैन के बाद युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने कमाल के अंदाज में वापसी की है। रविवार यानी कि 17 नवंबर को सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की ओर से बल्लेबाजी करते हुए शॉ ने अपना दम दिखाया और महज 39 गेंदों पर 63 रनों की तूफानी पारी खेली। इस पारी की बदौलत मुंबई ने ये मुकाबला 83 रनों से अपने नाम किया।
भारतीय टेस्ट टीम में अपने दमदार प्रदर्शन के चलते बतौर सलामी बल्लेबाज एक पहचान बनाने वाले पृथ्वी शॉ पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी की बीसीसीआई ने 8 महीने का बैन लगाया था। इसके बाद से शॉ क्रिकेट से दूर चल रहे थे लेकिन उन्होंने शानदार अंदाज में कमबैक किया है।
असम के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में पृथ्वी शॉ और अदित्य तारे ने पारी का आगाज किया था। पृथ्वी अलग अंदाज में दिखे और महज 32 गेंदों पर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। अपनी इस पारी में पृथ्वी ने 7 चौके और दो कमाल के छक्के जड़े। मुंबई ने 206 रनों का लक्ष्य असम के सामने रखा था। इसके जवाब में असम की टीम 123रन ही बना सकी।
बता दें कि डोप टेस्ट में फेल होने के चलते पृथ्वी शॉ पर बीसीसीआई ने ये प्रतिबंध लगाया था। जुलाई में बीसीसीआई ने पृथ्वी पर यह बैन लगाया था। 16 नवंबर को उनके उपर लगाया गया 8 महीने का प्रतिबंध खत्म हुआ है।