भारतीय युवा बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के क्रिकेट करियर का फिलहाल सही समय नहीं चल रहा है। वह गलत कारणों से सुर्खियों में हैं। एक खिलाड़ी जिसे आने वाले समय का सचिन तेंदुलकर बताया जा रहा था वह आईपीएल ऑक्शन में भी अनसोल्ड रह गया। टीम इंडिया के पूर्व सेलेक्टर ने कहा है कि शॉ को सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ के रूप में कमाल के मेंटॉर मिले। हालांकि वह इसका फायदा नबीं ले सके।
पृथ्वी शॉ ने शेयर की सचिन तेंदुलकर की सलाह
पृथ्वी शॉ दो दिन पहले एक यू‘फोकस्ड इंडियन’ पर दिखाई दिए जहां उन्होंने बताया था कि सचिन तेंदुलकर ने उन्हें कहा था कि ‘अनुशासन प्रतिभा को मात देता है’। हालांकि इस पूर्व सेलेक्टर का मानना है कि टीम का ध्यान उसपर नहीं है। सचिन तेंदुलकर के करीबी दोस्त विनोद कांबली भी बहुत प्रतिभाशाली थे लेकिन वह भी गलत कारणों की वजह से सुर्खियों में रहे। अनुशासन की कमी के कारण उनका करियर डूब गया था। शायद यही कारण है कि सचिन नहीं चाहते कि शॉ भी इस राह पर चले।
पृथ्वी शॉ को कई दिग्गजों ने दी सलाह
पृथ्वी को करीब से देखने वाले एक पूर्व भारतीय चयनकर्ता ने पीटीआई से कहा, ‘‘पृथ्वी दिल्ली कैपिटल्स में रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स में ही उन्हें अपने अंडर-19 भारतीय कोच राहुल द्रविड़, रिकी पोंटिंग, सौरव गांगुली से बातचीत करने का मौका मिला था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई क्रिकेट में भी यह सभी को पता है कि तेंदुलकर ने भी उनसे बात की है। क्या ये दिग्गज मूर्ख हैं? क्या आपको उसमें कोई बदलाव दिखता है? अगर दिखता भी है तो वह स्पष्ट नहीं है।’’
अनफिट होने के कारण टीम से बाहर कर दिए गए थे पृथ्वी शॉ
यहां तक कि मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने उन्हें अनफिट होने के कारण रणजी ट्रॉफी टीम से बाहर कर दिया और फिर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए वापस बुला लिया। भारतीय क्रिकेट जगत में अगर किसी की कार्यशैली के बारे में बात जंगल में आग की तरह फैलती है तो लोग उस क्रिकेटर से जुड़ना नहीं चाहते।