भारतीय क्रिकेट टीम हमेशा ही अपने फैंस को अपना सबसे बड़ा सपोर्ट बताती आई है। यह काफी हद तक सच भी है। टीम इंडिया दुनिया के किसी भी कोने में मैच खेले उन्हें हर जगह से वही समर्थन मिलता है। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने ऐसा किस्सा बताया जिसे सुनकर हैरानी हो सकती है। प्रवीण कुमार का कहना है कि टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को एक समय पर ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय फैंस से गाली सुनने को मिली थी।
रोहित को भारतीय फैंस ने दी थी गाली
लल्लनटॉप से बातचीत में प्रवीण कुमार ने बताया कि विदेशी दौरों पर कई बार भारतीय फैंस नाराजगी में अपने ही खिलाड़ियों को गालियां सुना देते थे। मेरठ के इस खिलाड़ी ने कहा, ‘मैं कभी किसी से लड़ने नहीं गया। रोहित शर्मा, मनोज तिवारी और मैं। हम तीनों मेलबर्न में थे। तभी कुछ भारतीय फैंस ने रोहित को गाली देना शुरू किया। उससे जब बर्दाश्त नहीं हुआ तो उसने जवाब दिया। हमने भी फिर जवाब दिया। हमारे अपने ही लोग गालियां दे रहे थे।’
प्रवीण ने कोहली को बताया छोटा भाई
प्रवीण कुमार ने विराट कोहली के बारे में भी बात की और कहा कि यह स्टार खिलाड़ी उनका भाई है। प्रवीण ने कहा, ‘वह शानदार इंसान है। वह जानते हैं कि रन कैसे बनाने हैं। इसी वजह से वह ऊंचाई पर पहुंचे हैं। वह अपने शरीर पर काम करता है। वह अपनी डाइट पर काम करता है। वह मेरे छोटे भाई जैसा है।’
महेंद्र सिंह को बताया बड़ा कप्तान
प्रवीण ने कहा कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पता है कि खिलाड़ी का इस्तेमाल कैसे करना है। उन्होंने कहा, ‘माही भाई को कोई जवाब नहीं। वह जानते हैं कि खिलाड़ी का कैसे इस्तेमाल किया है। वह फील्ड सेट करता था और गेंदबाजी करता था। अच्छा कप्तान वही होता है। जब कोई गेंदबाज को गेंद देता है तो गेंदबाजी करने को बोलता है, फिर यह गेंदबाज पर है कि उसे क्या करना है।’