सोशल मीडिया आज के समय में ऐसा प्लेटफॉर्म है जो पल भर में ही किसी को मशहूर कर देता है। हाल ही में कच्चा बादाम फेमस हुआ था उसके बाद सोशल मीडिया पर नोएडा के प्रदीप मेहरा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शनिवार रात फिल्ममेकर विनोद कापड़ी ने बनाया था और रविवार शाम इसे शेयर किया। इस वीडियो में दिख रहा प्रदीप मेहरा रोजाना सेक्टर-16 से बरोला तक भाग कर अपने घर जाता है।

विनोद कापड़ी ने ट्विटर पर यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा था कि, रात में इस तरह इस बच्चे के दौड़ने की वजह जानोगे तो आपको भी इससे प्यार हो जाएगा। ऐसा ही कुछ हो रहा है, इस वक्त पूरी दुनिया से इस बच्चे के लिए कमेंट आ रहे हैं। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह और इंग्लिश क्रिकेटर केविन पीटरसन को भी इस लड़के से प्यार हो गया है।

हरभजन सिंह ने सोमवार को यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि,’चैम्पियंस इसी तरह बनते हैं, फिर चाहे वो स्पोर्टस फील्ड पर हो या फिर ज़िंदगी में। वह एक विजेता ही साबित होगा। थैंक्यू विनोद इसे शेयर करने के लिए। बिल्कुल ये गोल्ड है।’ वहीं केविन पीटरसन ने भी प्रदीप के लिए लिखा, ‘What a Guy! यह वीडियो सोमवार की सुबह देखने से आपका दिन बन जाएगा।’

मां अस्पताल में भर्ती, सेना की तैयारी कर रहा प्रदीप

दरअसल प्रदीप मेहरा उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला है। उसकी मां बीमार होने के चलते अस्पताल में भर्ती है और वह नोएडा में अपने भाई के साथ रहता है। प्रदीप सेक्टर-16 स्थित मैकडॉनल्ड्स में काम करता है और रोजाना तकरीबन 10 किलोमीटर बरोला स्थित अपने किराए के कमरे पर दौड़ लगाकर जाता है। उससे जब फिल्ममेकर ने पूछा कि वह दौड़ कर क्यों जाता है तो उसने कहा कि वह भारतीय सेना में जाने की तैयारी कर रहा है।

विनोद कापड़ी के ट्विटर हैंडल से यह वीडियो शेयर होते ही वायरल होने लगा। इसमें देखा जा सकता है कि एक लड़का अपने कंधे पर बैग लिए हुए सड़क पर दौड़ रहा है। विनोद जब उसे घर छोड़ने की बात कहते हैं तो वह मना कर देता है। इसके साथ ही उसने जानकारी दी कि वह सेना में जाने की तैयारी कर रहा है और अपनी मां के इलाज के लिए नौकरी भी कर रहा है। उसने कहा मेरा भाई भूखा रह जाएगा इस खातिर उसने फिल्ममेकर के साथ डिनर के ऑफर को भी ठुकराया।