प्रो कबड्डी लीग (PKL) के 12वें सीजन का खिताब दबंग दिल्ली केसी ने अपने नाम कर लिया है। दूसरी बार दबंग दिल्ली ने इस लीग का खिताब जीता है। शुक्रवार को त्यागराज इंडोर स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में दिल्ली ने पुणेरी पल्टन को 31-28 से हराकर दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। दिल्ली की जीत में नीरज नरवाल (9) और अजिंक्य पवार (6) हीरो रहे। फजल अत्राचली का एक मूव इस मैच का टर्निंग प्वॉइंट साबित हुआ।
पटना पाइरेट्स और जयपुर पिंक पैंथर्स के बाद दो या उससे अधिक बार खिताब जीतने वाली दिल्ली तीसरी टीम बन गई है। साथ ही मनप्रीत सिंह के बाद जोगिंदर नरवाल दूसरे ऐसे कोच बन गए हैं जिन्होंने कोच और कप्तान के तौर पर खिताब जीता है। दिल्ली के लिए डिफेंस थोड़ा कमजो रहा और धाकड़ खिलाड़ी फजल अत्राचली पूरे मैच में नहीं चले लेकिन अंतिम मिनट में आदित्य शिंदे (10) का शिकार कर उन्होंने दिल्ली की जीत पक्की कर दी।
2014 से 2025 तक कब कौन बना चैंपियन?
| साल | विजेता | उपविजेता |
| 2014 | जयपुर पिंक पैंथर्स | यू मुम्बा |
| 2015 | यू मुम्बा | बेंगलुरु बुल्स |
| 2016 | पटना पाइरेट्स | यू मुम्बा |
| 2017 | पटना पाइरेट्स | जयपुर पिंक पैंथर्स |
| 2018 | पटना पाइरेट्स | गुजरात जायंट्स |
| 2019 | बेंगलुरु बुल्स | गुजरात जायंट्स |
| 2020 | बंगाल वॉरियर्स | दबंग दिल्ली के.सी. |
| 2021 | दबंग दिल्ली के.सी. | पटना पाइरेट्स |
| 2022 | जयपुर पिंक पैंथर्स | पुणेरी पल्टन |
| 2023 | पुणेरी पल्टन | हरियाणा स्टीलर्स |
| 2024 | हरियाणा स्टीलर्स | पटना पाइरेट्स |
| 2025 | दबंग दिल्ली के.सी. | पुणेरी पल्टन |
रोमांचक रही फाइनल की जंग
हाफटाइम तक का स्कोर 20-14 था और दिल्ली की बढ़त बरकरार थी। हाफटाइम के बाद आशू तीसरी बार आउट हुए और फिर दबाव बनाते हुए पुणेरी पल्टन ने दिल्ली के लिए सुपर टैकल ऑन कर दिया। फासला घटकर 4 का रह गया था। इस बीच तीन के डिफेंस में आदित्य बिना टच लॉबी में गए। इससे दिल्ली ने दो अंक लेकर 30 मिनट की समाप्ति तक स्कोर 24-18 कर दिया।
दिल्ली ने एक समय 8 पॉइंट्स की लीड ले ली थी लेकिन आदित्य ने रिनिंग हैंड टच के साथ दिल्ली को दो खिलाड़ी तक सीमित किया और फिर ऑलआउट लेकर स्कोर 25-28 कर दिया। ऑल इन के बाद आदित्य ने सौरव को आउट कर फासला 2 का कर दिया था। फिर नीरज ने बोनस के साथ लीड 3 की कर दी लेकिन आदित्य ने मल्टीप्वांटर के साथ स्कोर फिर 28-29 कर दिया।
आदित्य फिर रेड पर गए लेकिन फजल ने उन्हें लपक दिल्ली की जीत पक्की कर दी। फिर आशू गए और एक अंक लेकर दिल्ली को तीन अंक से जीत और दूसरा खिताब दिला दिया। इस टूर्नामेंट में इससे पहले लीग में दोनों टीमों के बीच खेले गए तीनों मुकाबले टाई हुए थे। यानी फाइनल समेत कुल चार बार दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी और अंत में बाजी दबंग दिल्ली ने मारी।
