इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में मुंबई इंडियंस (MI) के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। सूर्यकुमार यादव ने लगातार 14वीं पारी में 25 से ज्यादा का स्कोर बनाया। वह मुंबई इंडियंस के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरे हैं। पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ भी सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतकीय पारी खेली और टीम को 184 के स्कोर तक पहुंचने में मदद की।

सूर्यकुमार यादव ने इस पारी के बदौलत मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बादशाहत खत्म कर दी। वह मुंबई इंडियंस के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इसके अलावा मुंबई इंडियंस को नमन धीर के तौर पर कमाल का फिनिशर मिल गया है। 19वें-20वें ओवर में नमन का रिकॉर्ड प्लेऑफ से पहले विरोधी को थर्रा देने के लिए काफी है। उन्होंने इस सीजन आखिरी 2 ओवर में 278 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

तेंदुलकर की बादशाहत खत्म

मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम हो गया है। उन्होंने 640 रन बनाए। इससे पहले सचिन तेंदुलकर के नाम यह रिकॉर्ड था। उन्होंने 2010 में 618 रन बनाए थे। सूर्यकुमार यादव ने 2023 में 605 रन बनाए थे। 2011 में सचिन तेंदुलकर ने 553 रन बनाए थे।

नमन धीर का 19-20 वें ओवर में विस्फोटक रिकॉर्ड

नमन धीर का आईपीएल 2025 में 19-20 वें ओवर में रिकॉर्ड काफी धाकड़ है। नमन धीर ने इस सीजन 28 गेंद पर 278.57 के स्ट्राइक रेट से 78 रन बनाए हैं। उन्होंने 6 चौके और 7 छक्के लगाए हैं। वह केवल 2 बार 19वें-20वें ओवर में आउट हुए हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने 12 गेंद पर 20 रन बनाए। अर्शदीप सिंह ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर विकेट लिया।