शनिवार 7 सितंबर 2024 को पेरिस पैरालंपिक में पुरुषों की भाला फेंक F41 के फाइनल में ईरान के बेत सयाह सादेग को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद भारत के नवदीप सिंह का रजत पदक स्वर्ण पदक में बदल गया। पुरुषों की भाला फेंक F41 श्रेणी में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक है। नवदीप सिंह ने पुरुषों की भाला फेंक एफ41 स्पर्धा के रोमांचक फाइनल में 47.32 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ स्वर्ण पदक जीता।
प्रतियोगिता की शुरुआत फाउल से करने वाले हरियाणा के 23 साल के पैरा-एथलीट ने अपने दूसरे प्रयास में 46.39 मीटर की दूरी तय की। इससे वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए। लेकिन यह उनका तीसरा थ्रो था जिसने स्टेडियम में हलचल मचा दी। नवदीप ने 47.32 मीटर के शानदार थ्रो के साथ पैरालंपिक रिकॉर्ड तोड़ दिया और बढ़त बना ली।
इसके बाद ईरान के बेत सयाह सादेग ने अपने 5वें प्रयास में 47.64 मीटर के रिकॉर्ड-तोड़ प्रयास के साथ भारतीय एथलीट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हालांकि, फाइनल खत्म होने के कुछ समय बाद ही ईरानी एथलीट को अयोग्य घोषित कर दिया गया। इससे भारतीय एथलीट नवदीप सिंह का सिल्वर मेडल गोल्ड मेडल में तब्दील हो गया।
नवदीप सिंह तीन साल पहले टोक्यो खेलों में चौथे स्थान पर रहे थे। पेरिस में नवदीप के स्वर्ण पदक ने पैरालंपिक में भारत के पदकों की संख्या 29 तक पहुंचा दी, इसमें 7 स्वर्ण, 09 रजत और 13 कांस्य शामिल हैं। वह पेरिस पैरालंपिक की पदक तालिका में अभी 16वें नंबर पर है।

पेरिस पैरालंपिक 2024 खेलों में देश के लिए पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवदीप सिंह को बधाई दी। उन्होंने X पर लिखा, ‘असाधारण नवदीप ने पैरालंपिक 2024 में पुरुषों की भाला फेंक F41 स्पर्धा में रजत पदक जीता है! उनकी सफलता उनके असाधारण जज्बे का प्रतिबिंब है। उन्हें बधाई। भारत खुश है।’
भारत के अब तक के पदक विजेता (स्वर्ण पदक 6 | रजत पदक 10 | कांस्य पदक 13)
स्वर्ण पदक: अवनी लेखरा: आर2 महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 (निशानेबाजी)
स्वर्ण पदक: नितेश कुमार: पुरुष एकल SL3 (बैडमिंटन)
स्वर्ण पदक: सुमित अंतिल: पुरुष भाला फेंक F64 (एथलेटिक्स)
स्वर्ण पदक: हरविंदर सिंह: पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व ओपन (तीरंदाजी)
स्वर्ण पदक: प्रवीण कुमार: पुरुष हाई जम्प T64 (एथलेटिक्स)
स्वर्ण पदक: धर्मबीर: पुरुष क्लब थ्रो: F51 (एथलेटिक्स)
स्वर्ण पदक: नवदीप सिंह: पुरुष भाला फेंक: F41 (एथलेटिक्स)
रजत पदक: मनीष नरवाल: P1 पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 (निशानेबाजी)
रजत पदक: निषाद कुमार: पुरुष ऊंची कूद T47 (एथलेटिक्स)
रजत पदक: योगेश कथुनिया: पुरुष डिस्कस थ्रो F56 (एथलेटिक्स)
रजत पदक: थुलसिमथी मुरुगेसन: महिला एकल SU5 (बैडमिंटन)
रजत पदक: सुहास यतिराज: पुरुष एकल SL4 (बैडमिंटन)
रजत पदक: शरद कुमार: पुरुष ऊंची कूद T63 (एथलेटिक्स)
रजत पदक: अजीत सिंह यादव: पुरुष भाला फेंक F46 (एथलेटिक्स)
रजत पदक: सचिन खिलारी: पुरुष शॉट पुट F46 (एथलेटिक्स)
रजत पदक: प्रणव सूरमा: पुरुष क्लब थ्रो: F51 (एथलेटिक्स)
कांस्य पदक: मोना अग्रवाल: R2 महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 (शूटिंग)
कांस्य पदक: प्रीति पाल: महिला 100 मीटर T35 (एथलेटिक्स)
कांस्य पदक: प्रीति पाल: महिला 200 मीटर T35 (एथलेटिक्स)
कांस्य पदक: रूबीना फ्रांसिस: पी2 महिला 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 (शूटिंग)
कांस्य पदक: मनीषा रामदास: महिला एकल SU5 (बैडमिंटन)
कांस्य पदक: शीतल देवी और राकेश कुमार: मिश्रित टीम कंपाउंड ओपन (तीरंदाजी)
कांस्य पदक: नित्या श्री सुमति सिवान: महिला एकल SH6 (बैडमिंटन)
कांस्य पदक: दीप्ति जीवनजी: महिला 400 मीटर T20 (एथलेटिक्स)
कांस्य पदक: मरियप्पन थंगावेलु: पुरुष ऊंची कूद T63 (एथलेटिक्स)
कांस्य पदक: सुंदर सिंह गुर्जर: पुरुष भाला फेंक F46 (एथलेटिक्स)
कांस्य पदक: कपिल परमार: पुरुष -60 किग्रा J1 (जूडो)
कांस्य पदक: होकाटो होटोझे सेमा: पुरुष शॉट पुट: F57 (एथलेटिक्स)
कांस्य पदक: सिमरन शर्मा: महिला 200 मीटर: T12 (एथलेटिक्स)