Pakistan vs Zimbabwe: बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज फखर जमां वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पाकिस्तान के पहले और विश्व के छठे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ शुक्रवार (20 जुलाई) को खेले गए पांच वनडे मैचों की सीरीज के चौथे मैच में यह मुकाम हासिल किया। जमां ने इस मैच में 210 रनों की पारी खेली और पहले बल्लेबाजी करने उतरी अपनी टीम को 50 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 399 रनों तक पहुंचाया। फखर ने अपनी पारी में 155 गेंदों में 24 चौके और पांच छक्के लगाए।
फखर इसके साथ ही पाकिस्तान की तरफ से वनडे में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पूर्व सलामी बल्लेबाज सईद अनवर का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने चेन्नई में 1996 में भारत के खिलाफ 194 रन बनाए थे। फखर के अलावा भारत के सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा, न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल और वेस्टइंडीज के क्रिस गेल वनडे में दोहरा शतक जमा चुके हैं।
रोहित ने वनडे में तीन बार 200 का आंकड़ा पार किया है जबकि सहवाग दो बार 200 के पार गए हैं। बाकी बल्लेबाज सिर्फ एक-एक बार ही दोहरा शतक लगा पाएं हैं। सचिन ने वनडे में पहला दोहरा शतक लगाया था। इसी के साथ पाकिस्तान ने वनडे में अपना सर्वोच्च स्कोर भी बना लिया। इससे पहले वनडे में उसका सर्वोच्च स्कोर 385 था जो उसने बांग्लादेश के खिलाफ डाम्बुला में 21 जनवरी, 2010 को बनाया था।
200 या उससे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी:
264 रन: रोहित शर्मा (भारत)
237* रन: मार्टिन गप्टिल (न्यूजीलैंड)
219 रन: वीरेंद्र सहवाग (भारत)
215 रन: क्रिस गेल (वेस्टइंडीज)
210* रन: फखर जमां (पाकिस्तान)
208* रन: रोहित शर्मा (भारत)
200* रन: सचिन तेंदुलकर (भारत)