T20 World Cup 2021 Pakistan Vs New Zealand: आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 के 19वें मुकाबले में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही वह टी20 वर्ल्ड में सुपर-12 के ग्रुप 2 की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई।
शारजाह के शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 134 रन ही बना पाई। पाकिस्तान की ओर से हारिस रऊफ ने 4 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट झटके।
पाकिस्तान ने 18.4 ओवर में 5 विकेट पर 135 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान की ओर से आसिफ अली ने एक चौके और 3 छक्के की मदद से 12 गेंद में 27 रन ठोके। उनके अलावा मोहम्मद हफीज ने भी 6 गेंद में 11 रन बनाकर रनरेट तेज करने में मदद की। हारिस रऊफ प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
यह मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के लिए ही नहीं, भारत के लिहाज से भी काफी अहम था। पाकिस्तान की इस जीत से भारतीय टीम को भी फायदा होगा। उसके अभी सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं बनी हुई हैं। टी20 वर्ल्ड कप सुपर-12 के ग्रुप 2 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के साथ भारत भी हैं।
ICC World Twenty20, 2021
Pakistan
135/5 (18.4)
New Zealand
134/8 (20.0)
Match Ended ( Day – Super 12 – Match 19 )
Pakistan beat New Zealand by 5 wickets
टी20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड अच्छा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 25 टी20 मैच खेले गए हैं। इनमें से पाकिस्तान की टीम 15 मैच जीतने में सफल रही है। न्यूजीलैंड की टीम 10 मैच ही जीत पाई है।
पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी हार 20 दिसंबर 2020 को हैमिल्टन के मैदान पर मिली थी। तब न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 9 विकेट से हराया था। उसके बाद 22 दिसंबर को नेपियर में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से पटखनी दी थी। उसके बाद से दोनों टीमें अब भिड़ीं।
टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें छठी बार आमने-सामने थीं। इनमें से पाकिस्तान ने 4 और न्यूजीलैंड ने 2 में जीत हासिल की है। टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 9 साल बाद जीत हासिल की है। इससे पहले उसने न्यूजीलैंड को 23 सितंबर 2012 को हराया था।
पल्लीकेले में खेले गए उस मैच में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 13 रन से मात दी थी। वहीं, न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी जीत 22 मार्च 2016 को हासिल की थी। मोहाली में खेले गए उस मैच में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 22 रन से हराया था।
छठे ओवर की दूसरी गेंद पर हारिस रऊफ ने पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने अपनी यॉर्कर पर मार्टिन गप्टिल को बोल्ड कर दिया। गेंद गप्टिल के पैर में भी लगी। इस कारण वह लंगड़ाते हुए पवेलियन की ओर जाते दिखे। गप्टिल शुरुआती 6 गेंद में एक भी रन नहीं बना पाए थे। वह 20 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए।
टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। उसे अपने पहले मैच में खाता खोलने के लिए 8 गेंदों का इंतजार करना पड़ा। न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिशेल और मार्टिन गप्टिल ने पारी की शुरुआत की। पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी पहला ओवर लेकर आए। अफरीदी के इस ओवर में गप्टिल एक भी रन नहीं बना पाए। डेरिल ने इमाद वसीम के ओवर की दूसरी गेंद पर अपना और टीम का खाता खोला।
टॉस हारने के बाद केन विलियमसन ने कहा, शुरुआत करना अच्छा है। जाहिर तौर पर यहां एक अच्छी भीड़ है, भले ही वे हमारे खिलाफ हों। दुर्भाग्य से, लॉकी फर्ग्यूसन टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। एडम मिल्ने टीम में शामिल हुए। हमारे पास टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट, ईश सोढ़ी और मिशेल सैंटनर और जेम्स नीशम बतौर गेंदबाज हैं।
टॉस जीतने के बाद बाबर आजम ने कहा, हम पहले गेंदबाजी करने वाले हैं। उम्मीद है कि हम शुरुआती विकेट ले सकते हैं और उन्हें कम स्कोर तक सीमित कर सकते हैं। ओस भी एक कारण है। जीतना हमेशा आत्मविश्वास देता है, खासकर जब बात टूर्नामेंट के पहले मैच की हो। लड़के आज भी प्रदर्शन को बरकरार रखना चाहते हैं। सुधार के लिए हमेशा अवसर रहता है। हमारी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं है।
न्यूजीलैंड: मार्टिन गप्टिल, डेरिल मिशेल, केन विलियमसन (कप्तान), डेवोन कॉनवे, ग्लेन फिलिप्स, जेम्स नीशम, टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), मिशेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउथी, ट्रेंट बोल्ट।
पाकिस्तान: मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), बाबर आजम (कप्तान), फखर जमान, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, आसिफ अली, इमाद वसीम, शादाब खान, हसन अली, हारिस रउफ, शाहीन अफरीदी।