पाकिस्तान सुपर लीग के 15वें मैच में 7 फरवरी 2022 की रात क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने लाहौर कलंदर्स को 7 विकेट से हरा दिया। उसकी इस जीत में इंग्लैंड के ओपनर जेसन रॉय ने अहम भूमिका निभाई। वह प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए। उन्होंने 49 गेंद में शतक लगाया। जेसन रॉय इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का भी हिस्सा रहे हैं।

जेसन रॉय ने आईपीएल में अब तक 13 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने करीब 30 रन के औसत से 329 रन बनाए हैं। आईपीएल 2021 में वह काव्या मारन के मालिकाना हक वाली सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा थे। आईपीएल 2021 में उन्होंने 5 मैच में 150 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 120 से ज्यादा का रहा था।

जेसन रॉय आईपीएल में गुजरात लॉयन्स (2017) और दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स/2018) का भी हिस्सा रह चुके हैं। जेसन रॉय बेंगलुरु में 12 और 13 फरवरी को होने वाली आईपीएल नीलामी का भी हिस्सा बनेंगे। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए है।

कराची के नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में शाहीन अफरीदी की अगुआई वाली लाहौर कलंदर्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 204 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने 19.3 ओवर में 3 विकेट पर 207 रन बना मैच अपने नाम कर लिया।

क्वेटा ग्लैडिएटर्स की ओर से जेसन रॉय ने 11 चौके और 8 छक्के की मदद से 57 गेंद में 116 रन बनाए। उन्होंने हमवतन खिलाड़ी जेम्स विंसे के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 62 गेंद में 96 रन की साझेदारी की।

इससे पहले सरफराज अहमद ने टॉस जीता और लाहौर कलंदर्स को बल्लेबाजी का न्योता दिया। लाहौर कलंदर्स की ओर से ओपनर फखर जमान ने 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 45 गेंद 70 रन की पारी खेली।

फखर जमान के अलावा हैरी ब्रुक ने 17 गेंद में नाबाद 41 और अब्दुल्लाह शफीक ने 32 रन बनाए। क्वेटा ग्लैडिएटर्स की ओर से हारिस रऊफ, डेविड वीस और कामरान गुलाम ने एक-एक विकेट लिए।

इस जीत के साथ पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद की अगुआई वाली क्वेटा ग्लैडिएटर्स पीएसएल 2022 की पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गई। उसे लगातार 2 मैच में हार झेलने की बाद यह जीत नसीब हुई।

वहीं, लाहौर कलंदर्स का विजय अभियान रुक गया। लाहौर कलंदर्स ने इससे पहले अपने तीन मैचों में जीत हासिल की थी। अब उसके 5 मैच में 6 अंक हैं। क्वेटा ग्लैडिएटर्स के 5 मैच में 4 अंक हैं। मुल्तान सुल्तांस अपने 5 मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष और इस्लामाबाद यूनाइटेड दूसरे नंबर पर है।