बांग्लादेश के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने शतक जड़कर 29 महीने का सूखा खत्म किया। रावपिंड़ी टेस्ट के दूसरे दिन गुरुवार (22 अगस्त) को दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने टेस्ट करियर का तीसरा शतक जड़ा। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 17 पारी बाद शतक जड़ा।

मोहम्मद रिजवान ने पिछला टेस्ट शतक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मार्च 2022 में कराची में जड़ा था। उन्होंने 235 गेंद पर नाबाद 104 रन की पारी खेली थी। इसके बाद 17 पारी में उन्होंने 2 अर्धशतक जड़े थे। रिजवान ने ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के अलावा साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक जड़ा है। फरवरी 2021 में उन्होंने नाबाद 115 रन की पारी खेली थी। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक था। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में पहला शतक 20वीं पारी में जड़ा था।

मोहम्मद रिजवान ने 3 में से 2 शतक रावलपिंड़ी में जड़े

मोहम्मद रिजवान ने 3 में से 2 शतक रावलपिंड़ी में जड़े हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक भी उन्होंने रावलपिंड़ी में ही जड़ा था। उन्होंने नवंबर 2016 में टेस्ट डेब्यू किया था। रिजवान ने बांग्लादेश के खिलाफ 143 गेंद पर 8 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। रिजवान जब क्रीज पर आए तब पाकिस्तान की स्थिति अच्छी नहीं थी। टीम ने 114 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद उन्होंने सऊद शकील के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच 259 गेंद पर 158 रन की साझेदारी हुई है। रिजवान के शतक पूरा होने पर शकील 180 गेंद पर 90 रन बनाकर क्रीज पर थे। पाकिस्तान ने 4 विकेट पर 272 रन बना लिए थे।

पाकिस्तान की पहली पारी

पाकिस्तान की पहली पारी की बात करें तो अब्दुल्ला शफीक 2, कप्तान शान मसूद 6 और पूर्व कप्तान बाबर आजम बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गए। सैम अयूब ने 98 गेंद पर 56 रन की पारी खेली। बांग्लादेश के लिए शोरिफुल इस्लाम और हसन महमूद ने 2-2 विकेट लिए। पहले दिन का खेल बारिश से प्रभावित रहा। दूसरे दिन पहले सत्र में पाकिस्तान का एक भी विकेट नहीं गिरा।