भारतीय पहलवानों ने इंडोनेशिया के जकार्ता में खेले गए छठे टिफसा विश्व खेलों में एक स्वर्ण पदक सहित चार पदक जीते। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति से मान्यता प्राप्त इन खेलों में भारत की तरफ से डालमिया ने 60 किग्रा में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल में अजरबेजान के मोहम्मद साहन को 4-1 से हराया। भारतीय पारपंरिक कुश्ती महासंघ ने नौ सदस्यीय कुश्ती टीम को इन खेलों में हिस्सा लेने के लिए भेजा था। भारत के लिए लव सिंह ने रजत पदक जीता। उन्होंने 80 किग्रा भार वर्ग के पहले दौर में ईरान के मोहम्मद काशीफ को 5-3 से हराया। इसके बाद उन्होंने बेलारूस के जॉर्डन को 8-6 से हराकर फाइनल में जगह बनायी लेकिन खिताब मुकाबले वह अजरबेजान के मोहम्मद आलीम से 1-5 से हार गए।
नवीन ने 90 किग्रा में लिथुवानिया के ओलेगसुकघ को 5-2 से हराकर कांस्य पदक जीता। सुपर हेवीवेट में भारतीय पहलवान जोसिल ने अफगानिस्तान के मुस्तफा उतर सुल्तानी को 3-1 से पराजित करके कांसे का तमगा अपने नाम किया। भारत अंक तालिका में कुश्ती में अफगानिस्तान के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहा। भारतीय कोच सम्राट सिंह ने कहा, ‘हमारे पहलवानों ने अच्छा प्रदर्शन किया और हम चार पदक जीतने में सफल रहे। हमने छह पदक जीतने का लक्ष्य बनाया था लेकिन हम इस प्रदर्शन से भी खुश हैं। विकास भी पदक का दावेदार था लेकिन दुर्भाग्य से वह चोटिल हो गया।’ इससे पहले भारत ने 2008 दक्षिण कोरिया और 2012 लिथुआनिया में भी इन खेलों में हिस्सा लिया था लेकिन भारतीय टीम एक भी पदक नहीं जीत पाई थी। अगले टिफसा विश्व खेल 2020 में पुर्तगाल के शहर लिस्बन में होंगे। इस बार इन खेलों में भारत सहित 110 देशों ने हिस्सा लिया था।

