खेलमंत्री विजय गोयल बीमार हॉकी धुरंधर मोहम्मद शाहिद को देखने बुधवार (13 जुलाई) को अस्पताल पहुंचे जो गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में लीवर और किडनी की बीमारी का इलाज करा रहे हैं। मंत्रालय ने एक बयान में कहा,‘खेल और युवाकार्य मंत्री विजय गोयल आज (बुधवार, 13 जुलाई) महान हॉकी खिलाड़ी मोहम्मद शाहिद से मिलने पहुंचे।’ शाहिद को इस महीने मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीलिया और डेंगू के बाद उनकी हालत और खराब हो गई। उन्हें वाराणसी से यहां हवाई जहाज से लाया गया था।
पूर्व खेलमंत्री जितेंद्र सिंह ने उनके लिए 10 लाख रुपए की मदद का ऐलान किया था। इसके अलावा रेलवे ने उनके इलाज का पूरा खर्च उठाने का वादा किया। भारत के महानतम हॉकी खिलाड़ियों में शुमार शाहिद 1980 की मास्को ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम के सदस्य थे। वह दिल्ली एशियाई खेल 1982 में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम में भी शामिल थे।
खेलमंत्री गोयल ने शाहिद की स्थिति के बारे में पूछा और उनके जल्दी स्वस्थ होने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामना भी दी। उन्होंने शाहिद की पत्नी परवीन शाहिद, बेटे मोहम्मद सईस और बेटी हीना शाहिद से भी मुलाकात की। डॉक्टरों ने गोयल को शाहिद की गंभीर स्थिति के बारे में बताया और कहा कि उनका सर्वश्रेष्ठ उपचार किया जा रहा है।

