BWF World Championships 2023 Live Telecast Details: फॉर्म में चल रहे एचएस प्रणॉय और लक्ष्य सेन सोमवार से शुरू हो रही बीडब्ल्यूएफ विश्व चैम्पियनशिप में भारत के मेडल दावेदारों की अगुआई करेंगे। सभी की निगाहें सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पर लगी होंगी जो इस समय दुनिया की दूसरी नंबर की जोड़ी है। देश की सर्वश्रेष्ठ डबल्स जोड़ी पिछले सीजन में जीते गये कांस्य पदक के रंग को बेहतर करना चाहेगी।

वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रदर्शन

भारत ने 1977 से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में एक स्वर्ण सहित 13 पदक जीते हैं जिसमें चार रजत और आठ कांस्य शामिल हैं। महान बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण पदक (कांस्य, 1993 में) जीतने वाले पहले भारतीय थे और 2011 के बाद से पीवी सिंधु की अगुआई में देश के खिलाड़ी कम से कम एक पदक जीतते आ रहे हैं। सिंधु विश्व चैम्पियनशिप में भारत की सबसे सफल खिलाड़ी हैं जो 2019 में चैम्पियन रहीं और उनके नाम पांच पदक हैं। किदाम्बी श्रीकांत और लक्ष्य सेन ने 2021 चरण में भारत को कमश: रजत और कांस्य पदक दिलाये जबकि सात्विक और चिराग की जोड़ी ने 2022 में कांस्य पदक जीता।

सात्विक-चिराग पर रहेगी नजर

विश्व चैम्पियनशिप के 2017 और 2018 चरण की रजत पदक विजेता और 2013 और 2014 में कांस्य पदक जीतने वाली सिंधु को बाई मिली है और वह जापान की नोजोमी ओकुहारा और वियतनाम की थुये लिन्ह एनगुएन के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से भिड़ेंगी। लेकिन उम्मीदों का बोझ सात्विक और चिराग के कंधों पर होगा जो शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने 2023 में इंडोनेशिया ओपन, एशिया चैम्पियनशिप, स्विस ओपन और कोरिया ओपन में खिताब अपने नाम किये हैं।

कब, कहां और कैसे देखें मैच

वर्ल्ड चैंपियनशिप के मुकाबलों की शुरुआत सोमवार 21 अगस्त 2023 से होगी। मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर साढ़े 12 शुरू होंगे। चैंपियनशिप के पहले दिन एचएस प्रणॉय, किदांबी श्रीकांत के अलावा मिक्स्ड डबल्स में रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी उतरेगी। टूर्नामेंट का लाइव टेलीकास्ट टीवी पर नहीं होगा। वहीं उसकी लाइव स्ट्रीमिंग बीडब्ल्यूएफ के यूट्यूब और फेसबुक चैनल पर की जाएगी। टूर्नामेंट से जुड़े अपडेट्स के लिए आप जनसत्ता.कॉम से भी जुड़े रह सकते हैं।

भारतीय दल

पुरुष सिंगल्स – एचएस प्रणॉय, लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत

महिला सिंगल्स – पीवी सिंधु

पुरुष डबल्स – चिराग शेट्टी-सात्विकसाईंराज रंकीरेड्डी और एम अर्जुन-ध्रुव कपिला

महिला डबल्स – ट्रिसा जॉली/गायत्री गोपीचंद, अश्विनी भट्ट/शिखा गौतम

मिक्स्ड डबल्स – रोहन कपूर/एन सिक्की रेड्डी, वेंकट प्रसाद/जूही देवांगन