पेरिस ओलंपिक 2024 में न्यूजीलैंड के हामिश केर ने शनिवार (10 अगस्त) को पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा (men’s high jump) में 2.36 मीटर की कूद लगाकर स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में अपने देश का पहला पदक सुनिश्चित किया। केर और अमेरिकी एथलीट शेल्बी मैकएवेन के बीच स्वर्ण पदक के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली। दोनों एथलीट तीन प्रयास में 2.38 मीटर की छलांग नहीं लगा पाए।

ऐसे में मुकाबला टाई हो गया। टोक्यो ओलंपिक में कतर के मुताज बार्शिम और इटली के जियानमार्को तांबी ने गोल्ड शेयर किया था। पेरिस में अमेरिकी एथलीट शेल्बी मैकएवेन ने न्यूजीलैंड के हामिश केर के साथ गोल्ड मेडल शेयर करने से मना कर दिया। दोनों 2.38 मीटर की छलांग नहीं लगा पाए। ऐसे में सडेन डेथ राउंड में बार को घटाकर 2.36 मीटर कर दिया गया। दोनों इसमें फेल रहे। इसके बाद बार 2.34 मीटर कर दिया गया।

4×400 मीटर रिले के बीच जंप का प्रयास

इवेंट काफी लंबा चला। इस दौरान मेंस 4×400 मीटर रिले के लैप्स चल रहे थे। 8 रनर तेजी से आ रहे थे। इसके बाद भी मैकएवेन रुके नहीं और 2.34 मीटर के जंप का प्रयास किया। वह चूक गए। ऐसी परिस्थितियों में यह आश्चर्यजनक नहीं था। ऐसा करना उन्हे भारी पड़ गया। दूसरी ओर केर ने समझदारी से रिले खत्म होने तक इंतजार किया।

70 हजार लोगों ने तालियां बजाईं

केर ने आसानी से ऊंचाई पार की और स्प्रिंट लगाकर स्टेडियम के बीच पहुंचे और हाथ फैलाए खड़े हो गए। 70 हजार लोगों ने तालियां बजाईं। केर को फ्लाइंग कीवी के नाम से जाना जाता है। गत चैंपियन कतर के मुताज बार्शिम ने 2.34 मीटर की कूद के साथ कांस्य पदक जीता। किडनी की बीमारी से पीड़ित ताम्बेरी 2.27 मीटर की दूरी पार करने में असफल होने के कारण शुरुआत में ही दौड़ से बाहर हो गए।