New Zealand vs Pakistan (NZ vs PAK) 3rd T20: पाकिस्तान ने 3 मैचों की सीरीज के आखिरी टी20 में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। इस तरह यह सीरीज न्यूजीलैंड के पक्ष में 2-1 पर समाप्त हुई। न्यूजीलैंड ने शुरुआती दोनों मैच जीते थे। नेपियर के मैकलीन पार्क में खेले गए आखिरी टी20 में पाकिस्तान के कप्तान शादाब खान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।

न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 173 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 177 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान की ओर से विजय शॉट इफ्तिखार अहमद ने लगाया। उन्होंने काइल जैमिसन की चौथी गेंद पर छक्का जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई।

पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 10 चौके और 3 छक्के की मदद से 59 गेंद में 89 रन बनाए। उनके अलावा मोहम्मद हफीज ने भी शानदार खेल दिखाया। हफीज 29 गेंद में 41 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 2 चौके और 3 छक्के लगाए। इन दोनों के अलावा हैदर अली ने 11, खुशदिल शाह ने 13 और इफ्तिखार अहमद ने 7 गेंदों में नाबाद 14 रन बनाए। उन्होंने ेक चौका और एक छक्का लगाया।

न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी और स्कॉट कुगलेजिन ने क्रमशः 43 और 40 रन देकर 2-2 विकेट लिए। जेम्स नीशम और काइल जैमिसन क्रमशः 37 और 22 रन देकर एक-एक विकेट लेने में सफल रहे। मोहम्मद रिजवान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टिम सेफर्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।

Live Blog

Highlights

    15:27 (IST)22 Dec 2020
    रोमांचक रहा मुकाबला

    पाकिस्तान का स्कोर 18.3 ओवर में 5 विकेट पर 163 रन था। उसे जीत के लिए 9 गेंदों में 11 रन की जरूरत थी। रिजवान के 58 गेंद में 89 रन थे। टिम साउदी ने 2 गेंद में 2 विकेट ले लिए थे। फहरीन अशरफ 2 और शादाब खान बिना खाता खोले आउट हुए थे। खुशदिल शाह 10 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुए।

    15:21 (IST)22 Dec 2020
    पाकिस्तान ने बनाए थे 15 ओवर में 120 रन

    पाकिस्तान ने 15 ओवर में 120 रन बनाए थे। मोहम्मद रिजवान ने 47 गेंद में 60 रन बनाए। खुशदिल शाह के खाते में 3 रन थे। इससे पहले मोहम्मद हफीज लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक बनाने से चूक गए। वह 2 चौके और 3 छक्के की मदद से 29 गेंद में 41 रन बनाकर आउट हुए। उनका और हैदर अली का आउट होना एक तरह से रिप्ले था। रिजवान और हफीज ने दूसरे विकेट के लिए 49 गेंदों में 72 रन की साझेदारी की।

    15:08 (IST)22 Dec 2020
    पाकिस्तान ने भी की थी तेज शुरुआत

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने तेज शुरुआत की। उसने 6 ओवर में एक विकेट पर 47 रन बना लिए हैं। मोहम्मद रिजवान ने 23 गेंद में 29 रन बनाए हैं। हैदर अली 9 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें स्कॉट कुगलेजिन ने स्थानापन्न खिलाड़ी डेरिल मिशेल के हाथों कैच आउट हुए। हैदर अली की जगह मोहम्मद हफीज क्रीज पर आए हैं। हफीज ने दूसरे टी20 में नाबाद 99 रन बनाए थे।

    14:47 (IST)22 Dec 2020
    कॉनवे ने 39 गेंद में पूरा किया था अपना अर्धशतक

    न्यूजीलैंड ने डेवोन कॉनवे के शानदार अर्धशतक की मदद से पाकिस्तान को 174 रन का लक्ष्य दिया है। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 173 रन बनाए। कॉनवे ने 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 45 गेंद में 63 रन बनाकर आउट हुए। उनके अलावा टिम सेफर्ट ने 20 गेंद में 35 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स 20 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए।

    14:41 (IST)22 Dec 2020
    फहरीन अशरफ ने तोड़ी कीवी बल्लेबाजी की रीढ़

    न्यूजीलैंड की पारी में डेवोन कॉनवे के अलावा मार्टिन गुप्टिल 19 और स्कॉट कुगलेजिन 14 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान की ओर से फहरीन अशरफ सबसे सफल रहे। उन्होंने 20 रन देकर 3 विकेट लिए। शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ 2-2 विकेट लेने में सफल रहे। शाहीन अफरीदी ने 43 और हारिस रऊफ ने 44 रन दिए।

    13:59 (IST)22 Dec 2020
    सूर्य के कारण रोकना पड़ा था मैच

    न्यूजीलैंड ने 11.4 ओवरों में 3 विकेट पर 85 रन बनाए थे। तब तक डेवोन कॉनवे ने 18 गेंद में 17 और ग्लेन फिलिप्स ने 12 गेंद में 13 रन बनाए थे। दोनों ने 26 गेंद में 27 रन की साझेदारी कर ली थी। इस बीच सूर्य की ज्यादा रोशनी के कारण मैच रोकना पड़ा था। हालांकि, कुछ देर में ही दोबारा खेल शुरू हो गया था।

    13:36 (IST)22 Dec 2020
    40 रन तक न्यूजीलैंड ने नहीं गंवाया था एक भी विकेट

    न्यूजीलैंड ने 40 रन तक कोई विकेट नहीं गंवाया था। इसके बाद उसने 18 रन के भीतर 3 विकेट गंवा दिए। इनमें से दो विकेट फहीम अशरफ और एक विकेट हारिस रऊफ ने अपने नाम किए।

    13:32 (IST)22 Dec 2020
    10 ओवर में 3 विकेट खोकर न्यूजीलैंड ने बनाए थे 76 रन

    न्यूजीलैंड ने 10 ओवर में 3 विकेट पर 76 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स ने 9 गेंद में 8 और डेवोन कॉनवे ने 11 गेंद में 13 रन बनाए हैं। टिम सेफर्ट 20 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें फहीम अशरफ ने बोल्ड किया। मार्टिन गुप्टिल हारिस रऊफ का शिकार बने। हारिस ने गुप्टिल को शादाब खान के हाथों कैच कराया। गुप्टिल 16 गेंद में 19 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह आए केन विलियमसन एक रन के निजी स्कोर पर फहीम अशरफ की गेंद पर बोल्ड हो गए।

    12:34 (IST)22 Dec 2020
    न्यूजीलैंड की शानदार हुई थी शुरुआत

    न्यूजीलैंड ने शानदार शुरुआत की। चार ओवरों के बाद उसका स्कोर बिना विकेट खोए 34 रन है। टिम सेफर्ट 11 गेंद में 21 रन बनाकर खेल रहे हैं। मार्टिन गुप्टिल ने अब तक 13 गेंद में 13 रन बनाए हैं। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी और मोहम्मद हसनैन ने 2-2 ओवर फेंके है। दोनों को कोई सफलता नहीं मिली है। हसनैन ने 18 और अफरीदी ने 16 रन दिए हैं।

    12:18 (IST)22 Dec 2020
    न्यूजीलैंड की सूपड़ा साफ करने पर नजर

    ऐसे में उसकी नजर इस मैच को जीतकर पाकिस्तान का सूपड़ा साफ करने की होगी। वहीं पाकिस्तान इस मैच से वापसी कर टेस्ट सीरीज से पहले लय हासिल करने की कोशिश करना चाहेगा। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 26 दिसंबर से शुरू होगी। सीरीज का दूसरा टेस्ट तीन जनवरी से क्राइस्टचर्च के मैदान पर खेला जाना है।

    11:50 (IST)22 Dec 2020
    यहां जानिए मैच से जुड़े अपडेट्स

    New Zealand Vs Pakistan, 3rd T20I की Live Streaming फैन कोड ऐप पर देखी जा सकती है। इसके लिए सब्सक्रिप्शन की जरूरत होगी। भारत में इस मैच का लाइव टेलीकॉस्ट किसी चैनल पर नहीं हो रहा है। न्यूजीलैंड में स्पार्क स्पोर्ट्स और पाकिस्तान में पीटीवी स्पोर्ट्स पर इस मैच को देखा जा सकता है। मैच के अपडेट्स पाने के लिए आप जनसत्ता.कॉम से भी जुड़े रह सकते हैं।

    11:09 (IST)22 Dec 2020
    ये है पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन

    पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: हैदर अली, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), शादाब खान (कप्तान), मोहम्मद हफीज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, इफ्तिखार अहमद, फहीम अशरफ, मोहम्मद हसनैन, हारिस रऊफ, शाहीन अफरीदी।

    11:07 (IST)22 Dec 2020
    ये है न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन

    न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: मार्टिन गुप्टिल, टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), केन विलियमसन (कप्तान), डेवोन कॉनवे, ग्लेन फिलिप्स, जेम्स नीशम, काइल जैमीसन, स्कॉट कुगलेन्स्टन, टिम साउदी, ईश सोढ़ी, ट्रेंट बोल्ट।