ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 टी20 की सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 215 रन बनाए। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया के नाम एक शर्मनाक आंकड़ा जुड़ गया। ऑस्ट्रेलिया टी20 इंटरनेशनल में पहली टीम बन गई है, जिसके खिलाफ लगातार 4 मैच में टीमों ने 200 से ज्यादा का स्कोर किया है।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में हर मैच में 200 से ज्यादा रन दिए थे। वेस्टइंडीज ने पर्थ में 13 फरवरी 2024 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 ओवर में 220/6 का स्कोर किया था। उसने एडिलेड में 11 फरवरी 2024 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 207/9 का स्कोर किया था। उसने होबार्ट में 9 फरवरी 2024 को सीरीज के पहले टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 202/8 का स्कोर किया था।

न्यूजीलैंड को इस स्कोर तक पहुंचाने में ओपनर डेवोन कॉनवे और ऑलराउंडर रचिन रविंद्र ने अहम भूमिका निभाई। रचिन रविंद्र ने 2 चौके और 6 छक्के की मदद से 35 गेंद में 68 रन की पारी खेली। उन्होंने 29 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। डेवोन कॉनवे 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 46 गेंद में 63 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 34 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था।

टिम डेविड ने आखिरी गेंद पर जड़ा चौका

मैच की बात करें तो टिम डेविड ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से जीत दिलाई। इस जीत से ऑस्ट्रेलिया सीरीज में 1-0 से आगे हो गया। यह ऑस्ट्रेलिया की तीसरी सबसे बड़ी सफल रन चेज भी है। सीरीज का दूसरा टी20 मैच ऑकलैंड के ईडन पार्क में 23 फरवरी 2024 को खेला जाएगा। वह मैच भी भारतीय समयानुसार सुबह 11:40 बजे से खेला जाएगा।

न्यूजीलैंड ने बनाए 3 विकेट पर 215 रन

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 215 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से 13 छक्के और 10 चौके लगाए गए। इसके बाद कप्तान मिचेल मार्श ने 44 गेंद में नाबाद 72 रन बनाकर ऑस्ट्रेलियाई पारी को आगे बढ़ाया। वह प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे। टिम डेविड ने 19वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 6 गेंद पर 16 रन चाहिए थे।

टिम डेविड ने 10 गेंद में ठोके 31 रन

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी को न्यूजीलैंड के लिए आखिरी ओवर में गेंदबाजी की जिम्मेदारी मिली। उनकी पहली दो गेंदें वाइड रहीं। फिर एक लेग बाई था। अब ऑस्ट्रेलिया को तीन गेंद में 12 रन चाहिए थे। टिम डेविड ने चौथी गेंद पर स्क्वायर के पीछे एक शानदार छक्का जड़ दिया। मिचेल मार्श और डेविड ने पांचवीं गेंद पर 2 रन दौड़े। आखिरी गेंद को टिम डेविड ने मिड-विकेट के ऊपर से क्लब कर दिया और डाइव लगाने के बाद भी ग्लेन फिलिप्स चौका नहीं रोक पाए। टिम डेविड ने केवल 10 गेंद में नाबाद 31 रन बनाए।