ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को पहले टी20 में 6 विकेट से हरा दिया। कप्तान मिचेल मार्श की अर्धशतकीय पारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने 182 रन के लक्ष्य को 21 गेंद रहते हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद से 17 में से 15 टी20 में जीत हासिल की है। टिम रॉबिन्सन की नाबाद शतकीय पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने 6 विकेट पर 181 रन बनाए। 23 साल के दाएं हाथ के इस बल्लेबाज का टी20 इंटरनेशनल में पहला शतक था।

न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की बात करें तो शुरुआत अच्छी नहीं रही। टिम सिफर्ट पहले ही ओवर में जोश हेजलवुड का शिकार बने। उन्होंने 4 रन बनाए। अगले ओवर में बेन ड्वार्शुइस ने ड्वेन कॉनवे को पवेलियन भेजा। उन्होंने 1 रन बनाए। अगली ही गेंद पर मार्क चैपमैन आउट हुए। इसके बाद रॉबिन्सन ने डेरिस मिचले के साथ 92 रन की साझेदारी की।

रॉबिन्सन 66 गेंद पर 106 रन बनाकर नाबाद रहे

मिचेल 34 रन बनाकर मैथ्यू शॉर्ट की गेंद पर आउट हुए। बेवोन जैकब्स 20 और कप्तान माइकल ब्रेसवेल 7 रन बनाकर रन आउट हुए। जकारी फाउलकेस बगैर खाता खोले नाबाद रहे। रॉबिन्सन 66 गेंद पर 106 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए ड्वार्शुइस ने 2 विकेट लिए। हेजलवुड को 1 विकेट मिला।

मिचेल मार्श-ट्रेविस हेड ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई

ऑस्ट्रेलिया को कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 33 गेंद पर 67 रन की साझेदारी की। मैट हेनरी ने हेड को पवेलियन भेजा। उन्होंने 18 गेंद पर 31 रन बनाए। इसके मैथ्यू शॉर्ट और मार्श के बीच 68 रन की साझेदारी हुई। शॉर्ट को काइल जेमिसन ने पवेलियन भेजा। उन्होंने 29 रन बनाए।

मिचेल मार्श की पारी

मिचेल मार्श 43 गेंद पर 9 चौके और 5 छक्कों की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए। मैट हेनरी को उनका विकेट मिला। एलेक्स कैरी 7 रन बनाकर आउट हुए। जकारी फाउलकेस को उनका विकेट मिला। टिम डेविड 21 और मार्क्स स्टोइनिस 4 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने 2 विकेट लिए। जकारी फाउलकेस औक काइल जेमीसन ने 1-1 विकेट लिए।