न्यूजीलैंड के सबसे उम्रदराज क्रिकेटर और पूर्व कप्तान जॉन रीड का निधन हो गया है। वह 92 साल के थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। रीड को 50 और 60 के दशक में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ आलराउंडरों में गिना जाता था। उन्होंने 34 टेस्ट मैचों में न्यूजीलैंड की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में ही न्यूजीलैंड ने पहली तीन जीत हासिल की थीं।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी डेविड वाइट ने बयान में कहा, ‘इस देश का जन जन उनके नाम से वाकिफ था और आगे भी रहेगा। उनके संज्ञान में जो भी बात लाई गई उन्होंने उसके लिए मार्ग प्रशस्त करने में मदद की।’ हालांकि, न्यूजीलैंड क्रिकेटर की ओर से जारी बयान में उनके उनके निधन के कारण के बारे में नहीं बताया गया है। रीड का जन्म ऑकलैंड में हुआ था लेकिन उनकी शिक्षा दीक्षा वेलिंगटन में हुई। उन्होंने 246 प्रथम श्रेणी मैचों में 41.35 की औसत से 16128 रन बनाए, जिसमें 39 शतक शामिल हैं। उन्होंने 22.60 के औसत से 466 विकेट भी लिए।
New Zealand great John R Reid has passed away in Auckland, aged 92.
Reid played 58 Tests in a 16-year long international career, scoring 3428 runs and picking up 85 wickets.
He was New Zealand’s oldest surviving Test player. pic.twitter.com/XdWTMiSAP9
— ICC (@ICC) October 14, 2020
आक्रामक बल्लेबाज और तेज गेंदबाज रीड ने 1949 में 19 साल की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने 58 टेस्ट मैच खेले तथा 33.28 की औसत से 3428 रन बनाने के साथ 33.35 की औसत से 85 विकेट भी लिए थे। रीड ने टेस्ट क्रिकेट में छह शतक लगाए। उनका उच्चतम स्कोर 142 रन था जो उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1961 में बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में बनाया था।
उन्होंने 1965 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। हालांकि, रिटायरमेंट के कुछ सप्ताह बाद ही वह इंग्लैंड लौटे और रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड (शेष विश्व एकादश) टीम की दो टेस्ट मैचों में अगुआई की। वे दोनों मैच क्रमशः स्कारबोर्ग और लार्ड्स में खेले गए थे। बाद में वह न्यूजीलैंड के चयनकर्ता, मैनेजर और आईसीसी मैच रेफरी बने थे।


