राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार (29 अगस्त) को पहली बार पांच खिलाड़ियों को एक साथ खेल रत्न अवॉर्ड दिया गया। यह पहला मौका था जब खेल पुरस्कार समारोह राष्ट्रपति भवन में आयोजित नहीं किया गया। कोरोना के कहर के कारण वर्चुअल तरीके से खिलाड़ियों को अवॉर्ड दिए गए। भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल को खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। वे स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बेंगलुरु सेंटर में अवॉर्ड लेने के लिए पीपीई किट पहनकर पहुंचीं। रानी पहली महिला हॉकी प्लेयर हैं, जिन्हें खेल रत्न से सम्मानित किया गया।
रानी रामपाल के अलावा टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा, पहलवान विनेश फौगाट, टेबल टेनिस प्लेयर मनिका बत्रा और पैरा एथलीट मरियप्पन थंगवेलु को भी खेल रत्न पुरस्कार दिया गया। रोहित आईपीएल खेलने के लिए यूएई गए हुए हैं। वहीं, विनेश फौगाट शुक्रवार को ही कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। इसलिए दोनों इस वर्चुअल सेरेमनी में शामिल नहीं हो पाए। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा, ‘‘कोविड-19 के कारण खेल जगत पर भी बहुत अधिक असर पड़ा है। पहली बार ओलंपिक खेल स्थगित किए गए हैं। हमारे देश में भी खेल-कूद की सभी गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। अभ्यास तथा प्रतियोगिताओं के रुकने से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का हौसला कम हो सकता है।’’

राष्ट्रपति ने आगे कहा, ‘‘आप सबने वर्षों की मेहनत, लगन और साहस के बल पर अपनी खास पहचान बनाई है। कोविड का यह दौर आप सबके तथा अन्य खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के साहस और धीरज के इम्तिहान की घड़ी है। मुझे विश्वास है कि खेल जगत के लोग और भी अधिक मानसिक शक्ति के साथ इस परीक्षा से बाहर आएंगे और उपलब्धियों के नए इतिहास रचेंगे।’’ तेज गेंदबाज इशांत शर्मा, स्प्रिंटर दूती चंद सहित 27 अन्य खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड दिया गया। इशांत यूएई में होने के कारण सेरेमनी में हिस्सा नहीं ले पाए।


द्रोणाचार्य अवॉर्ड (लाइटाइम कैटेगरी) 8 लोगों को दिया गया। वहीं, द्रोणाचार्य अवॉर्ड (रेगुलर कैटेगरी) 5 लोगों को दिया गया। रोहित शर्मा राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान पाने वाले चौथे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर (1997-98), महेंद्र सिंह धोनी धोनी (2007) और विराट कोहली (2018) को यह सम्मान मिल चुका है। रोहित शर्मा के लिए साल 2019 कामयाबी भरा रहा था। खासकर वनडे क्रिकेट में उनका प्रदर्शन बहुत शानदार रहा था। उन्होंने पिछले साल वनडे में 1490 रन बनाए थे। इसमें 7 शतकीय पारियां थीं। उन्होंने वर्ल्ड कप में 5 शतक जड़े थे, जो एक रिकॉर्ड है।