राष्ट्रीय फुटबाल चैंपियनशिप के उत्तर क्षेत्र लेग लिए दिल्ली टीम का चयन व कोचिंग कैंप गुरुवार से अक्षरधाम के राष्ट्रमंडल खेल गांव खेल परिसर मैदान पर शुरू होगा। खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया सुबह ग्यारह बजे से शुरू होगी। दिल्ली साकर एसोसिएशन (डीएसए) के उपाध्यक्ष एनके भाटिया ने यह जानकारी दी है। चैंपियनशिप छह फरवरी से जम्मू के सीजीएम साइंस कालेज मैदान पर शुरू होगी।
डीएसए ने टीम के चयन के लिए एक समिति का गठन किया गया है। समिति का अध्यक्ष शराफतुल्ला को बनाया गया है। हमचंद को संयोजक बनाया गया है। इनके अलावा टीम के मुख्य कोच आनंदी बरुआ, कोच रवि राम और दिल्ली टीम के पूर्व कप्तान पुषपेंद्र कुंडू चयन समिति के दूसरे सदस्य हैं। आल इंडिया फुटबाल फेडरेशन के नए नियमों के मुताबिक बीस सदस्यीय टीम में कम से कम पांच अंडर-21 खिलाड़ियों का रहना जरूरी है। पहली जनवरी 1996 के बाद जन्मे खिलाड़ी चयन में हिस्सा ले सकते हैं।
उत्तर क्षेत्र की आठ टीमें दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड व मेजबान जम्मू-कश्मीर की टीमें चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगीं। टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। लीग सह नाकआउट आधर पर खेले जाने वाले इस चैंपियनशिप में दिल्ली अपना अभियान छह फरवरी को चंडीगढ़ के खिलाफ मैच से शुरू करेगी। आठ फरवरी को उसका मुकाबला उत्तर प्रदेश और दस फरवरी को जम्मू-कश्मीर से होगा। दोनों ग्रुप से टाप पर रहने वाली टीम फाइनल दौर के लिए क्वालीफाई करेंगीं। फाइनल दौर के मुकाबले 29 फरवरी से 13 मार्च तक होंगे।