इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में शुक्रवार 4 अप्रैल को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला है। मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स दोनों का आईपीएल 2025 में यह चौथा मैच होगा। मैच के लिए मुंबई इंडियंस की टीम लखनऊ पहुंच चुकी है।
लखनऊ पहुंचने के बाद मुंबई इंडियंस के कई सदस्यों ने अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन किये। मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया पर अकाउंट पर टीम के खिलाड़ियों की अयोध्या में प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लेने वाली तस्वीरें भी शेयर की हैं। तस्वीर में सूर्यकुमार यादव, उनकी पत्नी देविशा शेट्टी, दीपक चाहर और उनकी पत्नी जया भारद्वाज, तिलक वर्मा और कर्ण शर्मा प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद पाकर बहुत प्रभुल्लित नजर आ रहे हैं।
सूर्यकुमार यादव ने भी इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें वह पत्नी देविशा शेट्टी के साथ अयोध्या के राम मंदिर में पूजा-अर्चना करते नजर आये। सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘जय भगवान राम।’
सूर्यकुमार यादव के अलावा दीपक चाहर की पत्नी जया ने भी इंस्टाग्राम पर राम मंदिर दर्शन की तस्वीरें और वीडियो साझा किये हैं। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, ‘जय श्री राम।’ कर्ण शर्मा ने जया के वीडियो को अपना इंस्टाग्राम स्टोरी बनाया। तिलक वर्मा ने भी इंस्टाग्राम पर भगवान राम के दरबार वाली तस्वीर शेयर की। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘जय श्री राम।’
बता दें कि लखनऊ और अयोध्या के बीच की दूरी लगभग 2 घंटे 40 मिनट है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि मुंबई इंडियंस के क्रिकेटर्स ने आध्यात्मिक स्थल की यात्रा के लिए एक दिन की छुट्टी ली थी।