मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। पांच बार की चैंपियन टीम ने नवंबर में होने वाली मेगा-नीलामी से पहले महेला जयवर्धने को टीम नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। महेला जयवर्धने अब हेड कोच के तौर पर मार्क बाउचर की जगह लेंगे। दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व खिलाड़ी को दो साल पहले मुख्य कोच के रूप में मुंबई टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उनकी देखरेख में मुंबई टीम चैंपियन नहीं बन पाई। उनके हेड कोच पद पर रहते हुए मुंबई साल 2023 में प्लेऑफ में पहुंची थी, लेकिन साल 2024 में ये टीम अंतिम स्थान पर रही थी।

महेला जयवर्धने ने बने मुंबई के हेड कोच

महेला जयवर्धने इससे पहले भी मुंबई टीम के लिए मुख्य कोच के तौर पर काम कर चुके हैं और अब ये उनका दूसरा कार्यकाल इस टीम के साथ होगा। महेला इससे पहले साल 2017 में मुंबई के साथ मुख्य कोच के रूप में जुड़े थे और साल 2022 तक वो इस टीम के साथ जुड़े थे। महेला जयवर्धने के हेड कोच रहते हुए मुंबई की टीम काफी सफल रही थी और इस टीम ने साल 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब जीता था। उनके जाने के बाद ये टीम आईपीएल में चैंपियन बनने के लिए संघर्ष करती हुई नजर आ रही थी।

मुंबई इंडियंस के साथ फिर से जुड़ने के बाद महेला जयवर्धने ने कहा कि जब वो पहली बार इस फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े थे तब उनका ध्यान इस बात पर था कि किस तरह से टीम में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक ग्रुप के तौर पर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि वो इस फ्रेंचाइजी की सफल विरासत को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि एमआई परिवार के साथ मेरी यात्रा काफी अच्छी और विकास की रही है। साल 2017 में मेरा ध्यान इस टीम एक ग्रुप के रूप में आगे ले जाने का था जिससे कि वो अच्छा प्रदर्शन कर सकें और हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। एक बार फिर से इस टीम के साथ जुड़ना मेरे लिए बड़ी चुनौती है और मेरा ध्यान इस टीम को सफल बनाने पर होगा।