महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से पिछले 5 महीने से दूर हैं, लेकिन न तो उनकी फैन फॉलोइंग कम हुई है और न ही वे खबरों से दूर हैं। 1 जनवरी से 15 नवंबर 2019 के बीच उन्होंने सिर्फ 6 ट्वीट करके साल भर छाए रहे। अब वे सोशल मीडिया पर अपने एक वीडियो (VIDEO) को लेकर चर्चा में है। यह वीडियो उन्होंने खुद ही अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया है। इसमें वे अपनी पत्नी साक्षी सिंह धोनी की चुटकी लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।

धोनी ने अपनी पोस्ट को जो कैप्शन दिया है, उसके मुताबिक यह वीडियो किसी विज्ञापन की शूटिंग का है। इसमें साक्षी एक कागज में लिखे डॉयलॉग को पढ़ने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि, कई कोशिशों के बावजूद वे पूरी तरह से डॉयलॉग नहीं बोल पाती हैं। उनके बगल में धोनी भी बैठे हुए हैं। जब कई बार कोशिश के बाद भी साक्षी डॉयलॉग नहीं पढ़ पाती हैं तब धोनी कहते हैं, ‘देख के पढ़ नहीं पा रही हो, तुम डिलीवर कैसे करोगी।’

इस दौरान साक्षी कहती हैं कि आप लोगों ने उन्‍हें डरा दिया है। वे बार-बार डायलॉग बोलने की कोशिश करती हैं लेकिन अटक जाती हैं। वे कहती हैं, ‘नहीं हो पाएगा यार।’ इसके बाद दोस्‍त उनका हौसला बढ़ाते हैं। दोस्‍तों का साथ पाकर वे फर्राटे से डायलॉग बोल देती हैं, लेकिन धोनी बीच में रोकते हुए कहते हैं कि लेंस में देखकर बोलना है। इससे साक्षी की फिर लय टूट जाती है और सभी लोग हंसने लगते हैं।’

धोनी ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘पुरानी बात है। जब आप बाजी पलट देते हैं और डायरेक्‍टर से डायलॉग बोलने को कहते हैं, विशेष रूप से जब वे कहती रहती हैं कि कितना आसान डायलॉग है। तुम्‍हें तो इसे एक बार में ही कर देना चाहिए। समय बीत जाता है, यह (वीडियो) सालभर से ज्‍यादा पुराना है।’ धोनी के इस वीडियो को अब तक 41 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।

 

बता दें कि धोनी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 10 जुलाई को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। टीम इंडिया को इंग्लैंड में हुए आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 रन से हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच में महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने 72 गेंद पर 50 रन बनाए थे। वर्ल्ड कप के बाद से धोनी के संन्यास लेने की अफवाहें भी उड़ीं। हालांकि, धोनी ने हाल ही में एक साक्षात्कार के दौरान स्पष्ट कर दिया था कि जनवरी तक इस संबंध में कोई सवाल नहीं करें।

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री भी एक इंटरव्यू में कह चुके हैं कि धोनी ऐसे इंसान नहीं हैं, जो खुद पर टीम इंडिया पर थोपे। उन्होंने यह भी कहा कि धोनी अगले साल के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) खेलने के बाद टीम इंडिया के साथ अपने भविष्य का आकलन करेंगे। अगर उन्हें लगता है कि वे काफी अच्छे हैं तो किसी को भी उनकी योजनाओं में अड़ंगा नहीं डालना चाहिए।