आईपीएल 2022 (IPL 2022) की शुरुआत से पहले एक बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। लीग के सबसे सफलतम कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी छोड़ दी है। उन्होंने भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) को टीम की जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि, थाला बतौर खिलाड़ी और विकेटकीपर बल्लेबाज टीम के साथ जुड़े रहेंगे।
आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स ने इस बार रविंद्र जडेजा और एमएस धोनी समेत 4 खिलाड़ियों को रिटेन किया था। जडेजा को फ्रेंचाइजी ने 16 करोड़ रुपए में जबकि धोनी को इस सीजन के लिए 12 करोड़ रुपए में ही रिटेन किया था। इस कारण शुरुआत से ही ये अटकलें थीं कि जडेजा को कप्तान बनाया जा सकता है। इन दोनों के अलावा फ्रेंचाइजी ने मोईन अली को 8 करोड़ और ऋतुराज गायकवाड़ को 6 करोड़ रुपए में रिटेन किया था।
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए इसकी जानकारी दी। धोनी खिलाड़ी के तौर पर टीम के साथ जुड़े रहेंगे। थाला की कप्तानी में टीम ने चार बार आईपीएल के खिताब पर कब्जा किया है। पिछले सीजन में भी धोनी की कप्तानी में ही टीम चैंपियन बनी थी। बतौर कप्तान धोनी ने आईपीएल की शुरुआत (2008 से) से ही टीम की कमान संभाली है।
सीएसके ने जारी बयान में कहा, ‘‘महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी किसी अन्य खिलाड़ी को सौंपने का फैसला किया है और उन्होंने टीम का नेतृत्व करने के लिए रविंद्र जडेजा को चुना है। जडेजा 2012 से चेन्नई सुपर किंग्स का अभिन्न अंग रहे हैं और वह सीएसके का नेतृत्व करने वाले केवल तीसरे खिलाड़ी होंगे।’’
धोनी और रैना के बाद जडेजा तीसरे कप्तान
33 वर्षीय रविंद्र जडेजा 2012 से चेन्नई टीम के साथ हैं। वह सीएसके के तीसरे कप्तान होंगे। धोनी ने 213 मैचों में टीम की कप्तानी करते हुए टीम को 130 मैचों में जीत दिलाई है। बीच में धोनी की गैरमौजूदगी में सुरेश रैना ने भी 6 मैचों में सीएसके की कप्तानी की थी, जिसमें से टीम ने सिर्फ 2 ही मैच जीते थे।
धोनी के नेतृत्व में टीम ने नई सफलताओं को छुआ है। हालांकि, आईपीएल 2021 के बाद से लगातार धोनी के आईपीएल के संन्यास की खबरें सुर्खियां बटोर रही थीं। कैप्टेन कूल ने लेकिन साफ कर दिया था कि वह अपने क्राउड के सामने ही आखिरी मुकाबला खेलना चाहते हैं। अब उनके कप्तानी छोड़ने के बाद अटकलें यह भी हैं कि क्या धोनी इस सीजन में आखिरी बार मैदान पर खेलते दिखाई देंगे।
इससे पहले एमएस धोनी ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बावजूद आईपीएल में वह खेलते रहे लेकिन उनका बल्ले से प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। हाल ही में वह टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भारतीय टीम के साथ मेंटोर के तौर पर गए थे। चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स से 26 मार्च को भिड़ेगी।