महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) इन दिनों पत्नी साक्षी और बेटी जीवा संग पहाड़ों की वादियों (हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला) में छुट्टियां बिता रहे हैं। साक्षी सिंह धोनी (Sakshi Singh Dhoni) ने इंस्टाग्राम पर दो वीडियो पोस्ट किए हैं। इसमें से एक वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी वर्कआउट करते नजर आ रहे हैं। बेटी जीवा के इंस्टाग्राम से भी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए गए हैं।

एक तस्वीर में महेंद्र सिंह धोनी और जीवा (Ziva Singh Dhoni) के साथ फोटो के लिए पोज देते दिख रहे हैं। बैकग्राउंड में हसीन वादियां नजर आ रही हैं। इस तस्वीर में महेंद्र सिंह धोनी बिल्कुल नए लुक में दिखाई दे रहे हैं। उनके पूरे चेहरे पर दाढ़ी नहीं है। सिर्फ फ्रेंच कट स्टाइल में है। साथ ही में घनी-घनी मूंछे (दोनों ओर से नुकीली) भी दिख रही हैं। धोनी के नए लुक वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है। फैंस अपने चहेते क्रिकेटर को इस रूप में देखकर बहुत खुश हैं।

धोनी के शिमला प्रवास की कुछ और तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं। एक तस्वीर में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान को शिमला की पारंपरिक टोपी पहने देखा जा सकता है। पारंपरिक लेकिन इस स्टाइलिश टोपी को स्थानीय जगह पर ‘कुल्लू टोपी’ कहा जाता है। ‘कुल्लू टोपी’ को स्थानीय लोगों की पोशाक के सबसे महत्वपूर्ण भागों में से एक माना जाता है।

इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इससे पहले रांची स्थित अपने फॉर्महाउस में समय बिता रहे थे। उन्होंने बेटी जीवा के लिए कुछ दिन पहले ही एक नया टट्टू खरीदा है। उसकी धोनी के घोड़ों और डॉग्स के साथ अच्छी दोस्ती हो गई है। इसे लेकर भी साक्षी ने कुछ दिन पहले एक वीडियो शेयर किया था।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पहले ही घोषणा कर दी है कि आईपीएल (IPL) 2021 का दूसरा चरण संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में सितंबर के मध्य से शुरू होगा। आईपीएल 2020 में सीएसके का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। तब वह आईपीएल इतिहास में पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रही थी। ऐसे में इस बार वह खराब सीजन को पीछे छोड़ने को उत्सुक होगी।